Rashmika Mandanna Vijay Deverakonda’s Reception: साउथ फिल्म इंडस्ट्री के चर्चित कपल विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना का भव्य रिसेप्शन 4 मार्च को Taj Krishna में आयोजित किया गया। इससे पहले दोनों ने 26 फरवरी को उदयपुर में एक निजी समारोह में शादी की थी। शादी के बाद यह उनका पहला बड़ा सार्वजनिक कार्यक्रम था, जिसमें फिल्म इंडस्ट्री और राजनीति जगत की कई बड़ी हस्तियां शामिल हुईं।

रिसेप्शन में रश्मिका मंदाना लाल रंग की पारंपरिक साड़ी और भारी सोने के आभूषणों में बेहद खूबसूरत नजर आईं, जबकि विजय देवरकोंडा ने क्लासिक ट्रेडिशनल लुक में मेहमानों का स्वागत किया। कार्यक्रम में बॉलीवुड और साउथ फिल्म इंडस्ट्री के कई दिग्गज सितारे पहुंचे। बॉलीवुड से करण जौहर, कृति सेनन, रिया चक्रवर्ती, नीना गुप्ता और कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा शामिल हुए। वहीं साउथ इंडस्ट्री से चिरंजीवी, नागार्जुन, राम चरण, अल्लू अर्जुन, वेंकटेश और कार्थी समेत कई बड़े सितारों ने शिरकत की।

रिसेप्शन के दौरान विजय देवरकोंडा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि यह उनकी शादी से जुड़ा आखिरी समारोह है और इसके बाद वे कुछ समय के लिए “अंडरग्राउंड” हो जाएंगे।
हाई-प्रोफाइल मेहमानों की मौजूदगी को देखते हुए समारोह में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। आयोजन से पहले ही कपल ने आधिकारिक नोट जारी कर साफ कर दिया था कि बिना वैध निमंत्रण कार्ड के किसी को भी कार्यक्रम स्थल में प्रवेश नहीं मिलेगा।

इससे पहले दोनों की शादी ITC Mementos Ekaaya Resort में बेहद निजी माहौल में हुई थी, जिसमें लगभग 250 मेहमान शामिल हुए थे। यह शादी तेलुगु और कोडवा परंपराओं के अनुसार संपन्न हुई थी। शादी में रश्मिका ने लाल साड़ी पहनी थी, जबकि विजय ने आइवरी रंग की धोती और लाल अंगवस्त्रम धारण किया था। बाद में कपल ने अपनी शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर फैंस को खुशखबरी दी।




