Jamtara: जामताड़ा जिले के नाला थाना क्षेत्र अंतर्गत पलास्थली स्थित बंद पड़ी कोयला खदान में अवैध खनन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। खदान के भीतर चाल (सुरंगनुमा हिस्सा) धंसने से करीब आठ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। तुरंत पुलिस और Central Industrial Security Force (सीआईएसएफ) की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। मलबे को हटाकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने की कोशिश जारी है।
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, अब तक दो लोगों को गंभीर अवस्था में बाहर निकाला गया है और उन्हें उपचार के लिए भेजा गया है। हालांकि, अभी तक आधिकारिक रूप से सभी की स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है।
बताया जा रहा है कि चाल के अंदर गए सभी लोग पश्चिम बंगाल की सीमा से सटे परिहारपुर, पलास्थली और कास्ता गांवों के आसपास के निवासी हैं। बंद पड़ी खदान में अवैध खुदाई की गतिविधियां पहले भी सामने आती रही हैं, लेकिन इस हादसे ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
फिलहाल प्रशासन स्थिति पर नजर बनाए हुए है और मलबे में दबे संभावित लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए अभियान जारी है।



