Khunti: खूंटी नगर पंचायत चुनाव के प्रचार-प्रसार के आखिरी दिन राजनीतिक दलों ने पूरी ताकत झोंक दी। इसी कड़ी में जेएमएम समर्थित प्रत्याशी सोनम बागे के समर्थन में शनिवार को शहर में भव्य मोटरसाइकिल रैली निकाली गई। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन निकाली गई इस रैली में सैकड़ों की संख्या में समर्थक शामिल हुए और पूरे जोश के साथ नगर क्षेत्र का भ्रमण कर समर्थन मांगा। 
रैली की शुरुआत महुआटोली स्थित चुनावी कार्यालय से हुई। इसके बाद जुलूस शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों और मोहल्लों से गुजरते हुए आगे बढ़ा। समर्थकों ने “सोनम बागे जिंदाबाद” और “जेएमएम जिंदाबाद” के नारों से माहौल को उत्साहपूर्ण बना दिया। मोटरसाइकिलों के लंबे काफिले ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया।
इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा के खूंटी जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद, केंद्रीय सदस्य सह जिला सचिव सुशील पाहन, शंकर सिंह मुंडा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। सभी ने घर-घर पहुंचकर लोगों से सोनम बागे के पक्ष में मतदान करने की अपील की।
प्रत्याशी सोनम बागे ने जगह-जगह रुककर लोगों का अभिवादन किया और हाथ जोड़कर समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि जनता का आशीर्वाद मिला तो नगर पंचायत क्षेत्र के विकास, स्वच्छता, पेयजल, सड़क और अन्य बुनियादी सुविधाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि चुनाव प्रचार के अंतिम दिन उमड़ी भीड़ यह साबित करती है कि जनता का रुझान जेएमएम के पक्ष में है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी पूरी तरह मजबूत स्थिति में है और खूंटी नगर पंचायत क्षेत्र से जेएमएम समर्थित उम्मीदवार सोनम बागे भारी मतों के अंतर से विजय हासिल करेंगी।



