Palamu: पलामू में नगर निकाय चुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। बुधवार को मतदान कर्मियों का प्रशिक्षण कार्य पूरा हो गया। इस बार चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाएंगे।
जिले के पांच निकाय क्षेत्रों में मतदान होना है और इसके लिए 246 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।
डीसी-एसपी ने किया निरीक्षण
पलामू की उपायुक्त Sameera S और पुलिस अधीक्षक Reeshma Ramesan ने मतदान कर्मियों के प्रशिक्षण के अंतिम दिन व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इसके बाद दोनों अधिकारियों ने मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र के बहलोलवा, पहाड़ी और रेडमा पशुपालन मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, एंट्री-एग्जिट प्लान और ट्रैफिक मैनेजमेंट की समीक्षा की गई।
डीसी समीरा एस ने बताया कि पोलिंग पार्टी का तीसरा और अंतिम प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। स्ट्रांग रूम और डिस्पैच एरिया की तैयारियों की समीक्षा की गई है। ट्रैफिक प्लान भी देखा गया और आसपास के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया गया।
एसपी रीष्मा रमेशन ने कहा कि विधि-व्यवस्था और ट्रैफिक प्लान तैयार है। मतदान के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए विशेष निर्देश दिए गए हैं।
जीएलए कॉलेज में स्ट्रांग रूम और मतगणना
मेदिनीनगर स्थित GLA College को स्ट्रांग रूम बनाया गया है। यहीं से पोलिंग पार्टियों को रवाना किया जाएगा और यहीं मतगणना भी संपन्न होगी।
पांच निकाय क्षेत्रों में मतदान
जिले में मेदिनीनगर नगर निगम, बिश्रामपुर नगर परिषद, हुसैनाबाद, छतरपुर और हरिहरगंज नगर पंचायत में मतदान होना है। कुल 246 मतदान केंद्रों पर वोटिंग कराई जाएगी।
प्रशासन का दावा है कि चुनाव शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।


