Khunti: तोरपा विधानसभा क्षेत्र के कर्रा प्रखंड अंतर्गत जरियागढ़ स्थित चोलवा पतरा, कैंची मोड़ में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के तत्वावधान में कार्यकर्ता मिलन समारोह सह वन भोज कार्यक्रम का आयोजन सौहार्दपूर्ण, अनुशासित एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के सैकड़ों सक्रिय, समर्पित एवं जुझारू कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर संगठनात्मक एकता का परिचय दिया। 
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झामुमो खूंटी जिला अध्यक्ष जुबैर अहमद उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि झामुमो की असली ताकत उसके जमीनी कार्यकर्ता हैं। सभी को मिलजुलकर, एकजुट होकर संगठन को मजबूत करना होगा ताकि पार्टी और अधिक सशक्त होकर आगे बढ़ सके। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार लगातार जनहित और विकास के कार्य कर रही है, जिसे गांव-गांव तक पहुंचाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका बेहद अहम है। 
वहीं कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि कार्यकर्ता किसी भी संगठन की रीढ़ होते हैं। कार्यकर्ताओं के परिश्रम, समर्पण और संघर्ष के बल पर ही संगठन निरंतर मजबूत होता है। उन्होंने कहा कि झामुमो झारखंड की मिट्टी से जुड़ी पार्टी है, जो जल-जंगल-जमीन और आम जनता के हक-अधिकार की लड़ाई शुरू से लड़ती आ रही है। इस संघर्ष को आगे बढ़ाने में कार्यकर्ताओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। 
विधायक ने आगे कहा कि वन भोज जैसे कार्यक्रम आपसी एकता, भाईचारे और संगठनात्मक मजबूती को और मजबूत करते हैं। ऐसे आयोजनों से कार्यकर्ताओं के बीच आपसी संवाद बढ़ता है और संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त करने की दिशा में नई ऊर्जा मिलती है। कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार, जनसमस्याओं और भविष्य की रणनीति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा यह संकल्प लिया गया कि आने वाले समय में संगठन और जनता के हित में मिलकर और मजबूती से कार्य किया जाएगा। 
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला सचिव सुशील पहान भी उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे सभी कार्यकर्ताओं का सम्मान करते हुए संगठन को मजबूत करने के लिए निरंतर सक्रिय रहने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का समापन वन भोज के साथ सौहार्दपूर्ण माहौल में हुआ, जहां सभी कार्यकर्ताओं ने संगठन की मजबूती, आपसी भाईचारे और जनता के हित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।



