Breaking News

आदित्य साहू ने संभाली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की कमान, बोले– संगठन के विश्वास पर खरा उतरने का करूंगा प्रयास

Ranchi: वसंत पंचमी के पावन अवसर पर झारखंड भाजपा को नया नेतृत्व मिल गया। नवनिर्वाचित प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। सरस्वती पूजा के शुभ मौके पर निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने पूजन-हवन के बाद उन्हें प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार सौंपा।

धार्मिक अनुष्ठान के साथ हुआ पदभार ग्रहण
पदभार ग्रहण से पहले प्रदेश भाजपा कार्यालय में धार्मिक अनुष्ठान का आयोजन किया गया। इस दौरान आदित्य साहू, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने हवन-पूजन कर संगठन की सफलता और मंगलकामना की। भाजपा कार्यालय परिसर गणेश वंदना और मंत्रोच्चार से गूंज उठा।

पार्टी नेतृत्व के प्रति जताया आभार
प्रदेश अध्यक्ष पद संभालने के बाद आदित्य साहू ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि एक साधारण कार्यकर्ता को प्रदेश अध्यक्ष जैसी बड़ी जिम्मेदारी दी गई है, जिससे वह अभिभूत हैं। उन्होंने यह भी कहा कि पार्टी ने पूर्व में जो जिम्मेदारियां सौंपी थीं, उन्हें निभाने का उन्होंने ईमानदार प्रयास किया और अब इस नई जिम्मेदारी को भी पूरी निष्ठा से निभाएंगे।

राज्य की मौजूदा स्थिति पर जताई चिंता
आदित्य साहू ने राज्य की वर्तमान स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि जिस उम्मीद और उद्देश्य के साथ अटल बिहारी वाजपेयी ने झारखंड का गठन किया था, आज सत्ता में बैठे लोग उसे धूल-धूसरित कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में हो रहे अन्याय और अत्याचार के खिलाफ बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को साथ लेकर संघर्ष किया जाएगा।

जल्द गठित होगी भाजपा की नई प्रदेश टीम
आदित्य साहू के नेतृत्व में झारखंड भाजपा की नई प्रदेश टीम के गठन की प्रक्रिया जल्द शुरू होने की संभावना है। पदभार ग्रहण समारोह में जिस तरह से कार्यकर्ताओं और नेताओं की भारी भीड़ उमड़ी, उससे पार्टी में नए उत्साह और ऊर्जा के संकेत साफ नजर आए।

आदित्य साहू अनुभवी संगठनकर्ता: बाबूलाल मरांडी
इस अवसर पर बाबूलाल मरांडी, रविंद्र कुमार राय और दीपक प्रकाश समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने आदित्य साहू को मिठाई खिलाकर बधाई दी। बाबूलाल मरांडी ने उन्हें एक अनुभवी संगठनकर्ता बताते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भाजपा और अधिक मजबूती के साथ आगे बढ़ेगी। नई टीम के गठन पर उन्होंने कहा कि इसका निर्णय पूरी तरह नए प्रदेश अध्यक्ष करेंगे।

जमीनी कार्यकर्ता को मिला नेतृत्व: दीपक प्रकाश
सांसद दीपक प्रकाश ने भी आदित्य साहू को बधाई देते हुए खुशी जताई। उन्होंने कहा कि पार्टी के लिए यह खुशी की बात है कि एक जमीनी स्तर के कार्यकर्ता को प्रदेश की कमान सौंपी गई है। उनके नेतृत्व में संगठन का विस्तार होगा और एक मजबूत व संतुलित टीम का गठन किया जाएगा।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post