Khunti: कर्रा प्रखंड के बक्सपुर पंचायत अंतर्गत लापा सरना टोली में शनिवार की मध्यरात्रि एक जंगली हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने किसान हिलारियुस आईन्द के घर को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। घर को तोड़ने के बाद हाथी ने उसमें रखे अनाज को भी खा लिया, जिससे पीड़ित परिवार को भारी नुकसान हुआ है।
हाथी के गांव में घुसने की सूचना मिलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जंगली हाथी के पहुंचते ही गांव के सभी लोग जाग गए। ग्रामीणों ने मशाल जलाकर, शोरगुल कर तथा अन्य पारंपरिक उपायों के माध्यम से पूरी रात हाथी को खदेड़ने का प्रयास किया। कड़ी मशक्कत के बाद रविवार सुबह हाथी गांव से निकलकर जंगल की ओर चला गया, तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
इस संबंध में बक्सपुर पंचायत की मुखिया पूनम बारला ने बताया कि इलाके में यह एक अकेला जंगली हाथी है, जो लगातार आसपास के कई गांवों में दहशत का कारण बना हुआ है। उन्होंने कहा कि जब भी यह हाथी किसी गांव में प्रवेश करता है, तो इसका मुख्य निशाना किसानों के घर होते हैं, जिससे जान-माल का गंभीर खतरा बना रहता है।
घटना के बाद ग्रामीणों में रोष देखा जा रहा है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में हाथी की नियमित निगरानी बढ़ाने, गश्त तेज करने और प्रभावित परिवार को शीघ्र मुआवजा देने की मांग की है। साथ ही भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए ठोस कदम उठाने की भी अपील की गई है।



