Ranchi: भाजपा के नव नियुक्त झारखंड प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू गुरुवार को अपने पूरे परिवार के साथ झारखंड के प्रसिद्ध सिद्धपीठ रजरप्पा पहुंचे। उन्होंने मां छिन्नमस्तिके की विधिवत पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की कामना की। इस दौरान उन्होंने नारियल बलि दी और रक्षा सूत्र भी बंधवाया।
पूजा के बाद पत्रकारों से बातचीत में आदित्य साहू ने कहा कि कार्यकर्ताओं के प्रेम, विश्वास और समर्पण के कारण ही राष्ट्रीय नेतृत्व ने एक साधारण कार्यकर्ता को यह बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद उनका पहला कार्यक्रम देवी के चरणों में शीश नवाकर आशीर्वाद लेना रहा। उन्होंने मां से शक्ति, विवेक और मार्गदर्शन देने की प्रार्थना की, ताकि वे अपने दायित्व का निर्वहन ईमानदारी और निष्ठा के साथ कर सकें।
उन्होंने कहा कि मां छिन्नमस्तिके न सिर्फ झारखंड बल्कि पूरे देश के श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र हैं। पार्टी की विचारधारा को राज्य के हर गांव, कस्बे, टोले और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत किया जाएगा तथा कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका में लाया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उल्लेख करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि आजादी के बाद पहली बार एक गरीब परिवार का बेटा देश का प्रधानमंत्री बना है। उनके नेतृत्व में केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं समाज के हर वर्ग तक पहुंच रही हैं।
सरकार पर तीखा हमला
प्रदेश अध्यक्ष ने झारखंड की मौजूदा सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राज्य में लूट-खसोट, हत्या, बलात्कार और भ्रष्टाचार का बोलबाला है। कानून-व्यवस्था की स्थिति बेहद चिंताजनक हो चुकी है और अन्याय-अत्याचार लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पद्म भूषण करिया मुंडा को फोन पर धमकी दिए जाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि यह राज्य में बढ़ती अराजकता का जीता-जागता उदाहरण है।
उन्होंने दावा किया कि झारखंड की जनता मौजूदा सरकार की कार्यशैली से त्रस्त हो चुकी है और आने वाले नगर निकाय चुनावों में इसका जवाब देगी। आदित्य साहू ने कहा कि झारखंड राज्य के निर्माण में भाजपा की ऐतिहासिक भूमिका रही है और जनता एक बार फिर भाजपा पर भरोसा जताएगी। उन्होंने विश्वास जताया कि राज्य में पुनः भाजपा की सरकार बनेगी।
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का सम्मान
इससे पहले चितरपुर बाजार टांड़ में आदित्य साहू ने बजरंग दल के उन कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया, जिन्होंने धुर्वा (रांची) से अपहृत दो बच्चों अंश और आंशिक को ढूंढने में अहम भूमिका निभाई थी। प्रदेश अध्यक्ष ने डब्लू साहू, सचिन कुमार, सुनील कुमार, सन्नी नायक और अंशु कुमार को शॉल ओढ़ाकर और माला पहनाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष संजीव कुमार बबला, प्रखंड अध्यक्ष निरंजन कुमार, रमेश वर्मा, युगेश महतो सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय नेता और श्रद्धालु मौजूद थे।



