Khunti: खूंटी–तोरपा मुख्य सड़क पर अंगरा बारी के समीप आज शाम लगभग पांच बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना घटित हुई। इस हादसे में बाइक और कार की जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें दोनों वाहनों पर सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। 
स्थानीय लोगों के अनुसार, अमित कुमार जो खूंटी की ओर से से डोरमा स्थित अपने घर जा रहे थे, उसी दौरान जापुद निवासी राहुल भेंगरा अपनी बाइक से खूंटी की ओर आ रहे थे। बाइक पर उनके साथ एक महिला भी सवार थी। बताया जा रहा है कि बाइक सवार ने बिना इंडिकेटर दिए अचानक मोड़ ले लिया, इसी दौरान खूंटी की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक और कार दोनों के परखच्चे उड़ गए। दुर्घटना के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को संभाला और तुरंत एंबुलेंस बुलाकर सभी घायलों को सदर अस्पताल, खूंटी भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलने पर संबंधित विभाग को भी जानकारी दी गई। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों और यातायात नियमों की अनदेखी को हादसे का मुख्य कारण बताते हुए प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी बढ़ाने की मांग की है।



