Khunti: खूंटी जिले के खूंटी थाना क्षेत्र अंतर्गत मान्हू गांव में पुलिस ने गौ तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए 102 गौवंश को बरामद किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने चार तस्करों को गिरफ्तार किया है, जबकि मौके से चार मोबाइल फोन और 23,260 रुपये नकद भी जब्त किए गए हैं। 
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 14 जनवरी की शाम करीब 6:45 बजे खूंटी एसपी मनीष टोप्पो को गुप्त सूचना मिली कि मान्हू गांव में एक चारदीवारी के भीतर बड़ी संख्या में गौवंश को तस्करी के उद्देश्य से रखा गया है।
सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर खूंटी थाना प्रभारी के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। छापामारी दल जब चारदीवारी के पास पहुंचा, तो अंदर से चार व्यक्ति पुलिस वाहन को देखकर भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस बल ने तत्परता दिखाते हुए सभी चारों को खदेड़कर पकड़ लिया। चारदीवारी के अंदर से कुल 102 गौवंश बरामद किए गए, जिन्हें सुरक्षित स्थान पर रखा गया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान इस प्रकार की गई है—
1.मज़बूल चौधरी (उम्र लगभग 52 वर्ष), पिता अफ़ज़ल चौधरी, ग्राम-चचकोपी, थाना-बेड़ो, जिला-रांची।
2.कासिम अंसारी (उम्र लगभग 42 वर्ष), पिता सत्तार अंसारी, ग्राम-रायकेरा, थाना-भरनो, जिला-गुमला।
3.जियाउल चौधरी (उम्र लगभग 47 वर्ष), पिता अमान चौधरी, ग्राम-चचकोपी, थाना-बेड़ो, जिला-रांची।
4.गुलफान अंसारी (उम्र लगभग 29 वर्ष), पिता अमानत अंसारी, ग्राम-रायकोरा, थाना-भरनो, जिला-गुमला।
पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे गौवंश को तस्करी के माध्यम से ले जाकर बेचने के उद्देश्य से चारदीवारी के अंदर छिपाकर रखे हुए थे जिसने बंगाल लेजाकर उसे काटकर मांस की तस्करी करने की बात स्वीकार किया है
इस संबंध में खूंटी थाना में कांड दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ झारखंड गौवंश पशु हत्या प्रतिषेध अधिनियम 2005 सहित भारतीय न्याय संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई करते हुए सभी चारों आरोपीयों को जेल भेज दिया है।
छापामारी दल में खूंटी थाना प्रभारी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और गौ तस्करी से जुड़े अन्य नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।



