Khunti: खूंटी प्रखंड कार्यालय परिसर में सोमवार को झारखंड सरकार की कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने जनता दरबार का आयोजन किया। इस अवसर पर उपायुक्त आर. रॉनिटा एवं प्रखंड विकास पदाधिकारी ज्योति कुमारी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर मंत्री का स्वागत किया। जनता दरबार में खूंटी जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे सैकड़ों ग्रामीणों, किसानों एवं आम नागरिकों ने अपनी समस्याएं सीधे मंत्री के समक्ष रखीं।
जनता दरबार में सर्वाधिक आवेदन कृषि से संबंधित प्राप्त हुए। ग्रामीणों और किसानों ने दीप बोरिंग, सिंचाई सुविधा, कृषि यंत्र, बीज, खाद, कीटनाशक समेत किसानों की आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने को लेकर आवेदन सौंपे। कई किसानों ने खेतों में पानी की कमी, उपकरणों के अभाव तथा सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर नहीं मिलने की शिकायत की। मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद संबंधित विभागों के अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनसमस्याओं के समाधान के प्रति संवेदनशील है और योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि पहले जनता दरबार केवल राजधानी रांची में आयोजित होता था, जिससे दूर-दराज के ग्रामीणों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इसी को ध्यान में रखते हुए अब सभी प्रखंड कार्यालयों में जनता दरबार आयोजित करने का निर्णय लिया गया है।
उन्होंने कहा कि इसी क्रम में खूंटी प्रखंड कार्यालय में जनता दरबार का आयोजन किया गया, जहां मात्र दो घंटे में लगभग पचास लोगों की समस्याएं सुनी गईं और उनके समाधान की दिशा में पहल की गई। मंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि किसी भी आवेदक को अनावश्यक रूप से भटकना न पड़े और सभी मामलों में त्वरित व प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
जनता दरबार में उमड़ी भीड़ यह दर्शाती है कि आमजन सरकार की इस पहल से आशान्वित हैं और अपनी समस्याओं के समाधान को लेकर भरोसा जता रहे हैं।



