Breaking News

खूंटी में दिसोम गुरु शिबू सोरेन के जन्मदिवस पर श्रद्धांजलि सभा, मरीजों के बीच कंबल व फल वितरण

Khunti: दिसोम गुरु एवं झारखंड आंदोलन के प्रणेता शिबू सोरेन के जन्मदिवस के अवसर पर आज झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) खूंटी जिला इकाई की ओर से जिला कार्यालय, खूंटी में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पार्टी के वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे और दिसोम गुरु शिबू सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।

इस अवसर पर झामुमो के जिला अध्यक्ष जुबैर अहमद ने शिबू सोरेन के संघर्षों और योगदान को याद करते हुए कहा कि दिसोम गुरु शिबू सोरेन झारखंड अलग राज्य आंदोलन के सबसे बड़े नेताओं में से एक हैं। उन्होंने जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए निरंतर संघर्ष किया और राज्यवासियों के अधिकारों के लिए कई ऐतिहासिक आंदोलन खड़े किए। उनके अथक प्रयासों और बलिदान का ही परिणाम है कि आज झारखंड एक अलग राज्य के रूप में अपनी पहचान बना चुका है और विकास की नई राह पर अग्रसर है।

जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि शिबू सोरेन न केवल एक नेता बल्कि पूरे झारखंड के आदर्श हैं। उनके बताए मार्ग पर चलकर ही राज्य के गरीब, आदिवासी, दलित और वंचित वर्गों के हित में काम किया जा सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे दिसोम गुरु के विचारों को जन-जन तक पहुंचाएं और समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर भाग लें।

श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान सबसे पहले शिबू सोरेन की स्मृति में एक मिनट का मौन रखा गया, जिसके बाद सभी उपस्थित नेताओं और कार्यकर्ताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम के समापन के बाद झारखंड मुक्ति मोर्चा की पूरी टीम जिला अध्यक्ष जुबैर अहमद के नेतृत्व में सदर अस्पताल, खूंटी पहुंची।

सदर अस्पताल में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा अस्पताल में भर्ती मरीजों के बीच कंबल का वितरण किया गया। इसके साथ ही मरीजों को फल और ब्रेड भी बांटे गए। इस मानवीय पहल के माध्यम से झामुमो कार्यकर्ताओं ने शिबू सोरेन के जन्मदिवस को सेवा दिवस के रूप में मनाया। मरीजों और उनके परिजनों ने इस सहयोग के लिए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में झामुमो के कई वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी, युवा मोर्चा एवं महिला मोर्चा के सदस्य मौजूद रहे। पूरे आयोजन का उद्देश्य दिसोम गुरु शिबू सोरेन के विचारों को आत्मसात करते हुए समाज सेवा और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाना रहा।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post