Palamu : पलामू पुलिस ने गैंगस्टर प्रिंस खान के शूटर शाहरुख अली को गिरफ्तार कर एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम कर दिया है। शाहरुख के पास से एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। वह मेदिनीनगर में एक सोना कारोबारी पर फायरिंग करने की फिराक में था। इस साजिश की योजना विदेश में, कुवैत में रची गई थी।
वाहन चेकिंग के दौरान गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, पलामू में चल रहे वाहन चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध बाइक सवार को रोका गया। पुलिस को देखते ही युवक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे दौड़ाकर पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से हथियार और गोलियां बरामद हुईं। पूछताछ में उसकी पहचान मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के पहाड़ी मोहल्ला निवासी शाहरुख अली के रूप में हुई।
सोना कारोबारी पर फायरिंग की थी योजना
शाहरुख अली ने पुलिस को बताया कि वह गैंगस्टर प्रिंस खान के निर्देश पर सोना कारोबारी रंजीत सोनी की दुकान पर फायरिंग करने वाला था। दरअसल, प्रिंस खान ने कारोबारी से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। इससे पहले, 25 दिसंबर को पुलिस ने प्रिंस खान के दो अन्य शूटर मोहम्मद नाजीम और मुर्तजा अंसारी को गिरफ्तार किया था। उनकी गिरफ्तारी के बाद ही शाहरुख को इस वारदात को अंजाम देने की जिम्मेदारी दी गई थी।
कुवैत से रची गई थी साजिश
पलामू एसपी रीष्मा रमेशन ने बताया कि शाहरुख का भांजा मोहम्मद आतिफ कुवैत में रहता है। वहीं से गैंगस्टर प्रिंस खान ने आतिफ के जरिए शाहरुख से संपर्क किया था। आतिफ के कहने पर शाहरुख ने 30 हजार रुपये में हथियार खरीदा। सोशल मीडिया पर भी शाहरुख और आतिफ द्वारा प्रिंस खान से जुड़े पोस्ट साझा किए गए थे।
पूछताछ में कई अहम खुलासे
पुलिस पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं। इस कार्रवाई में सब इंस्पेक्टर तंजीलूल मन्नान मनौवर, नीरज कुमार, अनंत कुमार सिंह, टीओपी-1 प्रभारी इंद्रदेव पासवान सहित कई पुलिस अधिकारी शामिल रहे। पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश जारी है।


