Breaking News

CM Hemant Soren ने JSSC CGL-2023 के 1,927 चयनित अभ्यर्थियों को सौंपे नियुक्ति पत्र, मोरहाबादी मैदान बना ऐतिहासिक गवाह

Ranchi : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) द्वारा आयोजित संयुक्त स्नातक स्तरीय प्रतियोगिता परीक्षा (CGL)-2023 में सफल 1,927 अभ्यर्थियों के लिए 30 दिसंबर का दिन यादगार बन गया। रांची के ऐतिहासिक मोरहाबादी मैदान में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। नए साल से ठीक पहले मिली इस सौगात से राज्य के युवाओं में उत्साह और आत्मविश्वास का संचार हुआ।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अपने संबोधन में कहा कि यह केवल नियुक्ति पत्र वितरण का कार्यक्रम नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों के साकार होने का दिन है। उन्होंने कहा, “हमारी सरकार ने पारदर्शी और निष्पक्ष भर्ती को हमेशा प्राथमिकता दी है। रोजगार देना सरकार का संवैधानिक दायित्व है और हम इसे पूरी निष्ठा से निभा रहे हैं।”

छह विभागों में हुई नियुक्तियां
JSSC CGL-2023 के माध्यम से राज्य के छह अहम विभागों में बहाली की गई है। इनमें 847 सहायक सचिवालय पदाधिकारी (ASO), 288 कनीय सचिवालय सहायक, 170 श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी, 4 प्लानिंग असिस्टेंट, 191 प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, 249 प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी और 178 अंचल निरीक्षक-सह-कानूनगो शामिल हैं। इन नियुक्तियों से राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है।

पारदर्शी प्रक्रिया पूरी
कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा सभी चयनित अभ्यर्थियों के शैक्षणिक व अन्य प्रमाणपत्रों की जांच पहले ही पूरी कर ली गई थी। सरकार ने स्पष्ट किया कि पूरी भर्ती प्रक्रिया निष्पक्ष और पारदर्शी रही, ताकि योग्य अभ्यर्थियों को उनका अधिकार मिल सके।

प्रमुख अतिथियों की मौजूदगी
कार्यक्रम में वित्त मंत्री राधा कृष्ण किशोर, उद्योग मंत्री संजय यादव, कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, मंत्री दीपक बिरुवा, सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन सहित कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

संघर्ष और धैर्य का मिला फल
मुख्यमंत्री ने कहा कि अभ्यर्थियों के चेहरे पर दिख रही खुशी उनके लंबे संघर्ष और धैर्य का परिणाम है। उन्होंने नियुक्ति प्रक्रिया में हुई देरी का जिक्र करते हुए कहा कि कई प्रशासनिक और संवैधानिक चुनौतियां थीं, बावजूद इसके सरकार ने बहाली प्रक्रिया को पूरा किया।

आगे भी होंगी नियुक्तियां
सीएम हेमंत सोरेन ने बताया कि राज्य में करीब 1.60 लाख पद रिक्त हैं, जिन्हें चरणबद्ध तरीके से भरा जाएगा। साथ ही निजी क्षेत्र और स्वरोजगार को भी बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि झारखंड को अब तेज रफ्तार से आगे बढ़ाना है और सरकार इसके लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

नियुक्ति पत्र मिलने के बाद चयनित अभ्यर्थियों और उनके परिजनों में खुशी का माहौल देखने को मिला। कई युवाओं ने इसे अपने जीवन की नई शुरुआत बताते हुए सरकार का आभार जताया।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post