Giridih : साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत गिरिडीह पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने फर्जी कस्टमर केयर कर्मी बनकर लोगों से ठगी करने वाले एक संगठित साइबर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। इस मामले में साइबर थाना गिरिडीह में कांड संख्या 43/25 दर्ज किया गया है।
गुप्त सूचना पर तेलखरी जंगल के पास छापेमारी
एसपी डॉ. बिमल कुमार के निर्देश पर मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना गिरिडीह की टीम ने गांडेय थाना क्षेत्र के कछेल ग्राम स्थित तेलखरी जंगल के पास छापेमारी की। इस दौरान पुलिस ने साइबर ठगी में संलिप्त तीन युवकों को रंगे हाथों दबोच लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पुलिस ने जिन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, उनकी पहचान खुर्शीद अंसारी (25) निवासी धरलेट्टो, थाना गांडेय, जिला गिरिडीह; आलमगीर अंसारी (25) निवासी चेतनारी, थाना पथरोल, जिला देवघर; और मो. सराफत अंसारी (25) निवासी पिंडरी, थाना सारठ, जिला देवघर के रूप में हुई है।
भारी मात्रा में आपत्तिजनक सामग्री बरामद
छापेमारी के दौरान आरोपियों के पास से 8 मोबाइल फोन, 10 सिम कार्ड, 2 मोटरसाइकिल, 2 एटीएम कार्ड, 1 आधार कार्ड, 1 पैन कार्ड और 1 ड्राइविंग लाइसेंस बरामद किया गया है। बरामद सामान से साइबर ठगी के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है।
फर्जी कस्टमर केयर बनकर करते थे ठगी
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे गूगल साइट पर फर्जी मोबाइल नंबर अपलोड करते थे। इसके बाद खुद को फोनपे, पेटीएम, डेबिट कार्ड कस्टमर केयर, सैमसंग सर्विस सेंटर, एसी और गीजर सर्विस का अधिकारी बताकर लोगों को कॉल पर झांसे में लेते थे।
फर्जी लिंक और ऐप से उड़ाते थे खाते की रकम
आरोपी तकनीकी समस्या का बहाना बनाकर पीड़ितों से गोपनीय जानकारी हासिल करते थे। इसके बाद फर्जी .apk फाइल के लिंक भेजकर मोबाइल को अपने नियंत्रण में ले लेते और बैंक खातों से रकम निकाल लेते थे। इसके अलावा, वे एचडीएफसी समेत अन्य बैंकों के अधिकारी बनकर पासबुक अपडेट और एटीएम कार्ड भेजने के नाम पर भी ठगी करते थे।
जांच जारी, और खुलासों की संभावना
पुलिस का कहना है कि आरोपियों के नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है। आशंका है कि इस गिरोह से जुड़े अन्य लोग भी जल्द पुलिस की गिरफ्त में आ सकते हैं। साइबर थाना पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक या कस्टमर केयर नंबर पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें।



