Dumka : झारखंड के दुमका जिले के हंसडीहा थाना में पत्रकार के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार के मामले में पुलिस प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। विभागीय जांच के बाद हंसडीहा थाना प्रभारी ताराचंद्र को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। यह कार्रवाई दुमका के पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई है।
निलंबन के बाद जिम्मी हांसदा को हंसडीहा थाना का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से आधिकारिक आदेश जारी कर दिया गया है।
क्या है पूरा मामला
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी आदेश के अनुसार, पत्रकार मृत्युंजय कुमार पांडे ने एसपी कार्यालय में आवेदन देकर आरोप लगाया था कि वे 27 दिसंबर 2025 की रात करीब 10:30 बजे अपने साथी पत्रकार नितेश कुमार के साथ मंत्री संजय यादव के परिजन के श्राद्ध कर्म से लौटते समय हंसडीहा चौक पर चाय-पानी पीने के लिए रुके थे। इसी दौरान हंसडीहा थाना प्रभारी ताराचंद्र और उनके निजी चालक द्वारा दोनों पत्रकारों के साथ मारपीट और अभद्र व्यवहार किया गया।
जांच में आरोप सही पाए गए
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जरमुण्डी को जांच का आदेश दिया था। जांच प्रतिवेदन 29 दिसंबर 2025 को सौंपा गया, जिसमें यह स्पष्ट हुआ कि थाना प्रभारी ताराचंद्र ने पत्रकार मृत्युंजय पांडे के साथ अभद्र व्यवहार और धक्का-मुक्की की थी।
पुलिस की छवि धूमिल करने का आरोप
जांच रिपोर्ट के आधार पर आदेश में कहा गया है कि थाना प्रभारी का यह कृत्य पुलिस की छवि को धूमिल करता है और यह कर्तव्यहीनता, अनुशासनहीनता एवं मनमाने आचरण को दर्शाता है। इसी आधार पर उन्हें सामान्य जीवन-यापन भत्ता पर निलंबित करते हुए उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई शुरू करने का निर्देश दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, दुमका रहेगा।
पत्रकार संगठनों के दबाव में आई कार्रवाई
गौरतलब है कि पत्रकार मृत्युंजय पांडे के साथ हुई इस घटना के बाद मामला काफी तूल पकड़ गया था। पत्रकार संगठनों ने दोषी अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। लगातार बढ़ते दबाव के बीच पुलिस प्रशासन को यह कार्रवाई करनी पड़ी।
इस कार्रवाई को पत्रकार सुरक्षा और जवाबदेही की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है।



