Ranchi : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 28 से 30 दिसंबर 2025 तक तीन दिवसीय झारखंड दौरे पर रांची आएंगी। सुरक्षा कारणों और दौरे के सुचारू संचालन के लिए रांची शहर में इन तीन दिनों के दौरान कई रूट्स पर वाहनों का परिचालन सीमित या पूरी तरह बंद रहेगा।
लोक भवन से रांची एयरपोर्ट तक ट्रैफिक बंद
राष्ट्रपति के आगमन और प्रस्थान के दौरान लोक भवन से रांची एयरपोर्ट तक हर दिन एक घंटे के लिए सभी प्रकार के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा। 28 दिसंबर: शाम 6:00 बजे से 7:00 बजे तक हरमू बायपास एयरपोर्ट से लोक भवन तक मार्ग बंद। 29 दिसंबर: सुबह 9:30 से 10:30 बजे और शाम 4:00 से 5:00 बजे तक एयरपोर्ट से हरमू बायपास और लोक भवन तक मार्ग बंद। 30 दिसंबर: सुबह 9:00 से 10:00 बजे तक लोक भवन से एयरपोर्ट तक सभी मार्ग बंद।
28 दिसंबर की ट्रैफिक व्यवस्था
28 दिसंबर को शाम 4:00 बजे से रात 8:30 बजे तक शहर में सभी बड़े‑छोटे मालवाहक वाहन, बसें और सवारी वाहन शहर में प्रवेश और संचालन नहीं कर पाएंगे। भारी वाहन केवल रिंग रोड से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। इसके अलावा दोपहर 2:00 बजे से रात 8:30 बजे तक हिनू चौक, बिरसा चौक, HEC गेट, अरगोड़ा, शहजानंद, किशोरगंज, न्यू मार्केट, हॉटलिप्स, राम मंदिर चौक, ATI मोड़, रणधीर वर्मा चौक, SSP आवास से लोक भवन तक सभी मालवाहक, ऑटो‑टोटो और सवारी वाहनों पर रोक रहेगी। इमरजेंसी सेवाओं को छूट दी जाएगी।
29 दिसंबर की ट्रैफिक व्यवस्था और रूट डाइवर्जन
29 दिसंबर को सुबह 7:00 बजे से 11:00 बजे तक और शाम 4:00 से रात 8:30 बजे तक पूरे शहर में सभी बड़े‑छोटे वाहन, बसें और सवारी वाहन नहीं चल सकेंगे। केवल रिंग रोड के जरिए भारी वाहनों को मार्ग मिलेगा। हिनू, बिरसा, HEC गेट, अरगोड़ा, शहजानंद, किशोरगंज, न्यू मार्केट, हॉटलिप्स, राम मंदिर, ATI मोड़, रणधीर वर्मा चौक, SSP आवास से लोक भवन मार्ग पर सभी वाहनों पर रोक रहेगी।
रूट डाइवर्जन के तहत नया सराय रिंग रोड से रामपुर चौक रिंग रोड तक बड़े वाहन, बसें और सवारी वाहन नहीं चल पाएंगे, जबकि आपात वाहनों को छूट रहेगी। जमशेदपुर/बुंडू की ओर से आने वाले वाहन रिंग रोड से टाटीसिल्वे होते हुए शहर में प्रवेश करेंगे। रांची से जमशेदपुर जाने वाले वाहन दुर्गा सोरेन चौक से दाहिने होकर टाटीसिल्वे और फिर रिंग रोड से अपने गंतव्य तक जाएंगे। खरसीदाग ओपी से सदाबहार चौक के बीच भी सभी वाहनों पर रोक रहेगी।
30 दिसंबर की ट्रैफिक व्यवस्था और पुलिस की अपील
30 दिसंबर को सुबह 8:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक रांची शहर में सभी बड़े‑छोटे मालवाहक वाहन, बसें और सवारी वाहन शहर में प्रवेश और परिचालन नहीं कर पाएंगे। भारी मालवाहक वाहन केवल रिंग रोड से अपने गंतव्य तक जा सकेंगे। हिनू चौक से लोक भवन तक सभी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी, केवल इमरजेंसी सेवाओं को छूट दी जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर पुलिस अन्य मार्गों को भी अल्प समय के लिए डाइवर्ट या रोक सकती है।
रांची ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने आम लोगों से अपील की है कि निर्धारित समय में वैकल्पिक मार्ग और रिंग रोड का उपयोग करें, ताकि सुरक्षा व्यवस्था और यातायात सुचारू रूप से चल सके।


