Dhanbad : केंद्रीय कोयला मंत्री जी. किशन रेड्डी दो दिवसीय दौरे पर धनबाद पहुंचे हैं। दौरे के दूसरे दिन उन्होंने बेलगड़िया टाउनशिप का भ्रमण किया, जहां जिला प्रशासन की ओर से आयोजित उद्घाटन समारोह में उन्होंने शिरकत की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने टाउनशिप में सोलर लाइट का उद्घाटन किया और फेज-6, 7 और 8 का शिलान्यास किया। कार्यक्रम के बाद उन्होंने प्रशासनिक भवन का भी निरीक्षण किया।
स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं, सुझावों को किया नोट
उद्घाटन समारोह के दौरान बेलगड़िया टाउनशिप में रह रहे विस्थापितों ने केंद्रीय कोयला मंत्री के समक्ष अपनी समस्याएं और सुझाव रखे। लोगों ने विवाह भवन, अलग पंचायत, पोस्ट ऑफिस, खेल मैदान जैसी सुविधाओं की मांग की। इसके अलावा किसी की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के लिए 10 हजार रुपये सहायता राशि दिए जाने की भी मांग उठी। केंद्रीय मंत्री और धनबाद डीसी ने सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और नोट किया।
सर्वे में नाम नहीं होने से हो रही परेशानी
कुछ विस्थापितों ने शिकायत की कि टाउनशिप में बसने के बावजूद उनका नाम अब तक सर्वे सूची में दर्ज नहीं है। इसके कारण बच्चों की पढ़ाई और अन्य जरूरी कामों के लिए आवश्यक दस्तावेज बनवाने में परेशानी हो रही है। लोगों ने इस समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की।
जन औषधि केंद्र और स्थायी आवास का आश्वासन
केंद्रीय मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को हर महीने विस्थापितों से जुड़ी रिपोर्ट भेजी जाती है, इसी वजह से वे स्वयं लोगों के बीच आकर समस्याएं जान रहे हैं। उन्होंने बताया कि टाउनशिप में जन औषधि केंद्र की सुविधा को और सुदृढ़ किया जाएगा। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि यहां 99 साल की लीज पर दिए जा रहे आवास वास्तव में पट्टे के रूप में हैं, जिन पर आने वाली पीढ़ियों का भी मालिकाना हक होगा।

झरिया मास्टर प्लान के तहत बेहतर जीवन की पहल
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि झरिया क्षेत्र में पिछले 100 वर्षों से आग और गैस रिसाव की समस्या बनी हुई है, जिससे लोगों का स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। ऐसे क्षेत्रों से विस्थापित परिवारों के लिए बेलगड़िया टाउनशिप में अब तक 30 हजार आवास बनाए जा चुके हैं। उन्होंने आवंटित आवासों में लोगों से रहने की अपील की। मंत्री ने बताया कि सम्मान, सुरक्षा और सभी मूलभूत सुविधाएं देना सरकार का दायित्व है और इसके लिए झरिया मास्टर प्लान तैयार किया गया है। केंद्र और राज्य सरकार मिलकर प्रभावित परिवारों को पूरी जिम्मेदारी के साथ बसाने का कार्य कर रही हैं।
प्रशासन और जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी
समारोह के मंच पर केंद्रीय कोयला मंत्री के साथ धनबाद सांसद ढुल्लू महतो, सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, झरिया विधायक रागिनी सिंह, कोल इंडिया के चेयरमैन बी. साईराम, बीसीसीएल सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल, धनबाद डीसी आदित्य रंजन और एसएसपी प्रभात कुमार मौजूद रहे। केंद्रीय मंत्री के संबोधन को सुनने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी कार्यक्रम में शामिल हुए।


