Khunti: खूंटी जिले के पवित्र धार्मिक स्थल बाबा आमरेश्वर धाम में मंगलवार को राष्ट्रीय हिंदू फ्रंट की एक महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करना, सनातन धर्म के संरक्षण एवं प्रचार-प्रसार को गति देना तथा आगामी दिनों में संगठनात्मक ढांचे को और अधिक सशक्त बनाना रहा। 
बैठक के दौरान संगठन के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार की आरती को निरंतर जारी रखने, सनातन धर्म को बचाने और बढ़ाने तथा समाज में धार्मिक जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया। इसके साथ ही संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए शीघ्र ही जिला और प्रखंड स्तर पर टीम गठन करने पर भी सर्वसम्मति बनी।
इस अवसर पर जमशेदपुर से पहुंचे राष्ट्रीय हिंदू फ्रंट के प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम पांडे ने बाबा आमरेश्वर धाम में विधिवत पूजा-अर्चना कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की। बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम पांडे ने कहा कि राष्ट्रीय हिंदू फ्रंट “मिशन हिंदू राष्ट्र”, मंगलवार की आरती और जनसंख्या कानून जैसे विषयों को लेकर पूरे देश में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य समाज को एकजुट कर सनातन संस्कृति और परंपराओं की रक्षा करना है।
बैठक में प्रदेश महामंत्री मनोज कुमार, जिला अध्यक्ष अनूप साहू एवं जिला संयोजक ज्योतिष भगत ने संयुक्त रूप से प्रदेश अध्यक्ष घनश्याम पांडे को अंगवस्त्र और बाबा आमरेश्वर धाम का स्मृति चिह्न भेंट कर उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
बैठक में संगठन की भावी रणनीति, सदस्यता अभियान, युवाओं को संगठन से जोड़ने और धार्मिक कार्यक्रमों के विस्तार पर भी विस्तृत चर्चा की गई। वक्ताओं ने कहा कि आने वाले समय में गांव-गांव तक संगठन की पहुंच बनाई जाएगी और सनातन मूल्यों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।
इस अवसर पर सूचना प्रमुख राजू शर्मा, राजू गुप्ता, विजय घोष, दीपक तिग्गा, बप्पी दास, कवि चौधरी, सत्यजीत कुंडू, अजित रॉय, नीरज जायसवाल, अरुण दुबे, सौरभ दुबे, अंकित गुप्ता, मनीष महतो, लव चौधरी सहित बड़ी संख्या में संगठन के कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक का समापन संगठन को मजबूत करने और सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार हेतु निरंतर कार्य करने के संकल्प के साथ किया गया।



