Breaking News

गूंज सेवा महोत्सव का भव्य समापन: बिनोद बाबू की प्रतिमा का लोकार्पण, सेवा–संस्कृति–सम्मान का संगम

Ranchi : झारखंड आंदोलन के प्रणेता बिनोद बिहारी महतो की पुण्यतिथि पर आयोजित तीन दिवसीय गूंज सेवा महोत्सव का भव्य समापन पंच परगना के केंद्र सोनाहातू स्थित रंगाडीह टांड़ मैदान में हुआ। समापन समारोह में राज्यपाल संतोष गंगवार, गूंज परिवार के संरक्षक व पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो और केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इससे पहले रंगाडीह मोड़ पर बिनोद बाबू की 9 फीट ऊंची आदमकद प्रतिमा का लोकार्पण किया गया।

राज्यपाल संतोष गंगवार ने अपने संबोधन में कहा कि गूंज महोत्सव झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का सशक्त प्रतीक बन चुका है। यह विविधता में एकता का जीवंत उदाहरण है। उन्होंने कहा कि बिनोद बिहारी महतो का संघर्ष, सामाजिक चेतना और “पढ़ो और लड़ो” का संदेश आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देता रहेगा। राज्यपाल ने छऊ कलाकारों और स्कूली छात्राओं की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए गूंज परिवार के प्रयासों की प्रशंसा की।

केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि गूंज महोत्सव केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक सरोकारों को मंच देने वाला सशक्त अभियान है। यह आयोजन युवाओं में नई ऊर्जा का संचार करता है और बीते तीन दशकों से समाज को एक सूत्र में बांधने का कार्य कर रहा है।

पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने स्वागत भाषण में कहा कि गूंज महोत्सव उनके लिए सिर्फ उत्सव नहीं, बल्कि सेवा, सम्मान और सांस्कृतिक समागम का दायित्व है। यह सामूहिक शक्ति और सामाजिक एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने राज्यपाल समेत सभी अतिथियों का शॉल, मोमेंटो और गुलदस्ते से सम्मान किया।

राज्यपाल के आगमन पर 500 नगाड़ा वादकों और पाइका नृत्य से भव्य स्वागत किया गया। सैकड़ों कलाकारों द्वारा प्रस्तुत छऊ–पाइका नृत्य महोत्सव का मुख्य आकर्षण रहा। देर रात तक बॉलीवुड और स्थानीय कलाकारों की प्रस्तुतियों ने समां बांधे रखा।

समारोह के दौरान शहीदों, खिलाड़ियों, किसानों और समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। पहलगाम आतंकी हमले में शहीद मनीष मिश्रा के माता-पिता, नक्सली हमलों में शहीद राहे प्रखंड के वीरों के परिजन, स्वतंत्रता सेनानी बुली महतो के वंशज, राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी, जल संरक्षण में राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त झारखंड बालिका विद्यालय राहे तथा साहस का परिचय देने वाली मारदू गांव की सोनिया कुमारी को विशेष सम्मान दिया गया।

गूंज महोत्सव के तहत सेवा कार्यों को भी प्राथमिकता दी गई। स्वास्थ्य जांच शिविर में 98 लोगों की जांच व दवा वितरण, 75 लोगों की नेत्र जांच और 20 मोतियाबिंद मरीजों का महावीर आई हॉस्पिटल रांची में निःशुल्क ऑपरेशन कराया गया। कृषि प्रदर्शनी में उत्कृष्ट किसानों को सम्मानित किया गया। रोजगार मेले में 80 युवाओं की पहचान की गई, जिनमें तीन को तत्काल नियुक्ति पत्र दिए गए। इसके अलावा खिलाड़ियों को खेल किट प्रदान की गई और एक एम्बुलेंस जनता को समर्पित की गई।

तीन दिनों तक चले इस महोत्सव में 18 दिसंबर को सिल्ली में उद्घाटन, 19 दिसंबर को राहे–जोन्हा में स्वास्थ्य व नेत्र जांच और कंबल वितरण तथा 20 दिसंबर को सोनाहातू में भव्य समापन कार्यक्रम आयोजित हुआ। गूंज सेवा महोत्सव ने सेवा, संस्कृति और सम्मान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाया।

कार्यक्रम में सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, पूर्व सांसद रामटहल चौधरी, पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, पद्मश्री मधु मंसूरी, जिप अध्यक्ष निर्मला भगत सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि और स्वयंसेवक मौजूद रहे। विधि-व्यवस्था के लिए 300 से अधिक कार्यकर्ता तैनात किए गए थे।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post