Dhanbad : धनबाद के वासेपुर का कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान एक बार फिर से सुर्खियों में है। इस बार उसने झारखंड के चतरा जिले के समाजसेवी और क्रशर व्यवसायी प्रेम सिंह को धमकी दी है। प्रिंस खान ने व्हाट्सऐप पर एक ऑडियो संदेश भेजकर उनसे दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी और रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी।
व्हाट्सऐप ऑडियो में धमकी
धमकी में प्रिंस खान ने प्रेम सिंह को चेतावनी दी कि रंगदारी नहीं देने पर उनकी हत्या करवा दी जाएगी। ऑडियो में उसने धमकी दी कि “खोपड़ी खोल दी जाएगी।” प्रेम सिंह के अनुसार, प्रिंस खान ने खुद को दुबई से कॉल करने वाला बताते हुए ऑडियो संदेश भेजा और कॉल के जरिए भी धमकी दी।
व्यवसायी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई
प्रेम सिंह, जो क्रशर और बालू व्यवसाय के क्षेत्र में चतरा जिले में जाना-माना नाम हैं, धमकी मिलने के बाद पिंडरा निवासी प्रेम सिंह ने हंटरगंज थाना में लिखित आवेदन देकर ऑडियो और कॉल के आधार पर प्रिंस खान के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। उन्होंने पुलिस से त्वरित और कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रिंस खान का कुख्यात रिकॉर्ड
धनबाद, बोकारो, जमशेदपुर और झारखंड के अन्य शहरों में प्रिंस खान व्यवसायियों को धमकाकर रंगदारी मांगने के मामलों में वांछित है। कई जिलों की पुलिस अब भी प्रिंस खान और उसके गुर्गों की तलाश कर रही है। प्रिंस खान के कई साथी पहले ही गिरफ्तार होकर जेल जा चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद उसका आतंक अभी भी कायम है।
दुबई से नियंत्रित रंगदारी नेटवर्क
बताया जाता है कि प्रिंस खान इस समय दुबई में है और वहां से अपने गुर्गों के जरिए झारखंड के व्यवसायियों से रंगदारी वसूल करवा रहा है। इस रकम को दुबई पहुंचाया जाता है। 2024-25 में धनबाद पुलिस ने प्रिंस खान के साथी एक दर्जन से अधिक अपराधियों को गिरफ्तार करके जेल भेजा था। कुछ समय के लिए प्रिंस खान का आतंक कम हुआ था, लेकिन छह महीने बाद फिर से उसके ऑडियो संदेश ने धनबाद, बोकारो और चतरा के व्यवसायियों में भय का माहौल पैदा कर दिया है।



