Karra (Khunti): थाना क्षेत्र के लोधमा-कनसिली पुल के पास सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में एक 74 वर्षीय वृद्ध की जान चली गई। घटना लवडेल स्कूल के समीप करीब 5 बजे की है, जहाँ एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने पैदल जा रहे वृद्ध को अपनी चपेट में ले लिया।
मृतक की पहचान सिलापाट गांव निवासी चुगवा टोप्पो (74 वर्ष) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, चुगवा टोप्पो किसी काम से पैदल लोधमा आए हुए थे। शाम करीब पांच बजे जब वह वापस अपने गांव सिलापाट लौट रहे थे, तभी लवडेल स्कूल के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि चुगवा टोप्पो की मौके पर ही मौत हो गई।
सड़क किनारे शव पड़ा देख वहां से गुजर रहे राहगीरों और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने शव की पहचान की और तुरंत उनके परिजनों को इसकी सूचना दी। खबर मिलते ही मृतक का बेटा चुमनू टोप्पो और अन्य परिजन बदहवास हालत में मौके पर पहुंचे। पिता का बेजान शरीर देख परिवार में चीख-पुकार मच गई।
घटना की सूचना मिलने पर कर्रा थाना पुलिस तुरंत सक्रिय हुई और घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद मंगलवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल, खूंटी भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
इस हादसे के बाद सिलापाट गांव और मृतक के परिवार में मातम छाया हुआ है। फिलहाल, टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक के बारे में कोई सुराग नहीं मिल सका है। कर्रा पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और अज्ञात वाहन की तलाश जारी है।



