Hazaribagh: गुरुवार सुबह राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने हजारीबाग के पेलावल थाना क्षेत्र में अचानक छापेमारी की, जिसके बाद पूरे इलाके में हलचल मच गई। NIA की टीम तीन वाहनों के काफिले के साथ पहुंची और एक घर को घेरकर तलाशी अभियान शुरू कर दिया। माना जा रहा है कि यह छापेमारी संदिग्ध आतंकी शाहनवाज आलम से जुड़े नेटवर्क की जांच के सिलसिले में की जा रही है, जिसकी गिरफ्तारी अक्टूबर 2023 में दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने की थी।
सख्त सुरक्षा, ATS भी मौके पर तैनात
कार्रवाई के दौरान इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। अतिरिक्त पुलिस बल की मौजूदगी के साथ झारखंड ATS की टीम भी NIA की सहायता में लगाई गई है। अधिकारियों ने ऑपरेशन की संवेदनशीलता को देखते हुए किसी भी जानकारी के खुलासे से इनकार कर दिया है।

छापेमारी के दौरान टीम ने घर से एक प्रिंटिंग मशीन जब्त की है, जिससे शक है कि वहां किसी प्रकार के दस्तावेज़, पोस्टर या आपत्तिजनक सामग्री की प्रिंटिंग की जा रही होगी। टीम घर में मौजूद एक वृद्ध व्यक्ति से भी विस्तृत पूछताछ कर रही है।
आईएसआईएस मॉड्यूल से जुड़ी कड़ियां तलाश रही एजेंसी
शाहनवाज आलम हजारीबाग का रहने वाला है और उसके खिलाफ कई गंभीर आरोप हैं। 2019 में वह डकैती और चोरी के मामले में जेल जा चुका है। लगभग 8–9 महीने जेल में रहने के बाद दिसंबर 2020 में जमानत पर बाहर आया, जिसके बाद वह कथित तौर पर आईएसआईएस के हैंडलरों के संपर्क में आया। उसे पुणे आईएसआईएस मॉड्यूल मामले में गिरफ्तार किया गया था, जिसमें वह अहम भूमिका निभाता था।

NIA को शक है कि शाहनवाज के नेटवर्क की कुछ कड़ियाँ झारखंड में भी सक्रिय रही हैं। इन्हीं संभावित कनेक्शनों का पता लगाने के लिए यह छापेमारी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
फरारी, इनामी आरोपी और जंगल में ट्रेनिंग का आरोप
जांच एजेंसियों के अनुसार, शाहनवाज कोई साधारण आरोपी नहीं, बल्कि आईएसआईएस का प्रशिक्षित सदस्य है। वह पुणे पुलिस की हिरासत से फरार भी हो चुका है, जिसके बाद NIA ने उस पर 3 लाख रुपये का इनाम घोषित किया था। उस पर आरोप है कि वह आईएसआईएस के कुख्यात सदस्य सफीउज्जमा के संपर्क में था और पुणे के जंगलों में प्रशिक्षण ले चुका है।
NIA की टीम इस समय उसके स्थानीय संपर्कों, संभावित सहयोगियों और आतंकी गतिविधियों से जुड़े साक्ष्यों की तलाश में पेलावल में जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में और बड़े खुलासे हो सकते हैं।



