Kundhit (Jamtara): भाजपा की ओर से सोमवार को कुंडहित प्रखंड के बाबूपुर गांव में आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत जन चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने की, जबकि मुख्य अतिथि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी मौजूद रहे।
अपने संबोधन में मरांडी ने कहा कि 2047 तक भारत को पूरी तरह आत्मनिर्भर बनाना है, क्योंकि यह आजादी के 100 वर्ष पूरे होने का मील का पत्थर होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत तेजी से आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहा है और आज दुनिया भारत को एक मजबूत आर्थिक शक्ति के रूप में देख रही है।
हेमंत सरकार पर गंभीर आरोप
इस दौरान बाबूलाल मरांडी ने झारखंड की हेमंत सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के सभी वादे झूठ साबित हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जो संख्या हर साल सरकारी नौकरी से रिटायर होती है, उससे भी कम लोगों को सरकार ने छह साल में नौकरी दी है।
उन्होंने कहा कि राज्य में स्कूलों में शिक्षकों की कमी है, अस्पतालों में डॉक्टर और नर्स नहीं हैं। फंड की कमी से अधिकांश विभागों का विकास कार्य ठप पड़ा है। मरांडी ने आरोप लगाया कि राज्य की खनिज संपदा लूटने के लिए सरकार ने पूरे झारखंड में एजेंट तैनात कर रखे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सरकारी दफ्तरों में जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र जैसे मूलभूत कार्यों के लिए भी लोगों को कर्मचारियों को पैसे देने पड़ रहे हैं।
भाजपा नेताओं का सरकार पर निशाना
कार्यक्रम में दुमका के पूर्व सांसद सुनील सोरेन ने कहा कि आत्मनिर्भरता आज के युग की आवश्यकता है और केंद्र सरकार इस दिशा में लगातार काम कर रही है।
भाजपा नेता माधव चंद्र महतो ने कहा कि नाला विधानसभा क्षेत्र में अधिकारी पूरी तरह बेलगाम हो गए हैं और आम जनता परेशान है। भाजपा इस मुद्दे पर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि भाजपा गांव-गांव जाकर आत्मनिर्भरता के लिए जागरूकता अभियान चला रही है। साथ ही उन्होंने स्वास्थ्य मंत्री के द्वारा बाबूलाल मरांडी पर दिए बयान को अशोभनीय बताया।
उन्होंने कहा कि “बाबूलाल मरांडी जैसे नेता के समकक्ष आने के लिए इरफान अंसारी को कई जन्म लेने होंगे। उन्होंने उस समय राज्य को संभाला था जब झारखंड का नया गठन हुआ था और बिहार से जर्जर प्रशासनिक व्यवस्था मिली थी।”
ग्रामीणों ने लिया आत्मनिर्भर भारत का संकल्प
कार्यक्रम के अंत में बाबूलाल मरांडी ने ग्रामीणों को आत्मनिर्भर भारत के निर्माण का शपथ दिलाई। कार्यक्रम का संचालन जिला मंत्री गया प्रसाद मंडल ने किया और धन्यवाद ज्ञापन जिला उपाध्यक्ष अभय कुमार सिंह ने किया।
कार्यक्रम में राधा रानी सोरेन, विष्णु मंडल, परितोष सोरेन, राम सिंह यादव, आभा आर्या सहित कई भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।



