Ranchi : झारखंड विधानसभा की 25वीं वर्षगांठ पर शनिवार को विधानसभा परिसर में भव्य रजत जयंती समारोह का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम को यादगार बनाने के लिए दो सत्र निर्धारित किए गए हैं। पहले सत्र में सम्मान समारोह आयोजित होगा, जबकि दूसरे सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम में कलाकारों की शानदार प्रस्तुतियां होंगी।
इस अवसर पर सीमा और नक्सल अभियान में शहीद हुए जवानों के आश्रितों को विशेष सम्मान दिया जाएगा। इसके साथ ही शांतिकाल में वीरता पदक प्राप्त पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया जाएगा। राज्य के पदक विजेता खिलाड़ियों और सामाजिक क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले राष्ट्रपति पदक प्राप्त व्यक्तियों को सम्मान प्रदान किया जाएगा। सभी पूर्व विधानसभा अध्यक्षों और 190 पूर्व विधायकों को भी समारोह में विशेष सम्मान मिलेगा। इसी क्रम में उत्कृष्ट विधायक के रूप में राज सिन्हा को सम्मानित किया जाएगा। विधानसभा के छह कर्मियों—संतोष कुमार सिंह, नीलम कुजूर, मो. शाहिद हैदर, राकेश कुमार सिंह, मन्नू राम और रवींद्र पाल—को स्व. कपिलेश्वर प्रसाद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा।
शहीद जवानों के आश्रितों को सम्मानित करने की सूची में झारखंड पुलिस के रामदेव महतो, सिकंदर सिंह, सुकून राम, चौहान हेंब्रम, सुनील धान और संतन कुमार मेहता का नाम शामिल है। एसटीएफ के शहीद जवान सुनील राम तथा सीआरपीएफ के महिमा नंद शुक्ला, सुनील कुमार मंडल, महराबम प्रबो सिंह, प्राणेश्वर कोच, संदीप कुमार, महेंद्र लश्कर और कौशल कुमार मिश्रा को भी श्रद्धांजलि स्वरूप सम्मान मिलेगा। पंजाब रेजिमेंट के करमजीत सिंह बक्शी और अग्निवीर एमईडी रेजिमेंट के अर्जुन महतो के परिजनों को भी सम्मानित किया जाएगा।
समारोह के दूसरे सत्र में सुरों की महफिल सजेगी। मशहूर गायक रूप कुमार राठौर अपनी मधुर आवाज से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध करेंगे। हास्य कवि डॉ. दिनेश बावरा और रविंद्र जॉनी अपनी हास्य रचनाओं से दर्शकों को गुदगुदाएंगे। इसके अलावा प्रमांद नंदा, मृणालिनी अखोरी, टॉम मुर्मू और सुमी श्रेया द्वारा लोकगीत और लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी।
रजत जयंती समारोह में विभिन्न क्षेत्रों के उत्कृष्ट व्यक्तियों को भी सम्मानित किया जाएगा। झारखंड विधानसभा के गठन (22 नवंबर 2000) के बाद से अध्यक्ष रहे इंदर सिंह नामधारी, मृगेंद्र प्रताप सिंह, आलमगीर आलम, चंद्रेश्वर प्रसाद सिंह, शशांक शेखर भोक्ता, दिनेश उरांव और वर्तमान अध्यक्ष रबींद्रनाथ महतो को भी विशेष सम्मान मिलेगा। तीरंदाजी में गोल्डी मिश्रा और कराटे व तीरंदाजी में राज्य का नाम रोशन करने वाले अमित मोदक को सम्मानित किया जाएगा।
सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) के सहायक कमांडेंट शिवम कुमार को नक्सलियों के खिलाफ अभियान में उनके अदम्य साहस और नेतृत्व क्षमता के लिए सम्मान मिलेगा। साहित्य, आदिवासी लेखन और ग्रामीण विकास में योगदान के लिए डॉ. मयंक मुरारी को भी सम्मानित किया जाएगा। सामाजिक कार्यों के लिए डोरंडा कॉलेज के दिवाकर आनंद और रांची वीमेंस कॉलेज की छात्रा दीक्षा कुमारी को भी सम्मान प्रदान किया जाएगा।
रजत जयंती समारोह झारखंड की गौरवगाथा, शौर्य, संस्कृति और उपलब्धियों का एक भव्य उत्सव बनने जा रहा है।



