Khunti: भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर शनिवार को खूंटी विधायक रामसूर्या मुंडा तथा झारखंड मुक्ति मोर्चा खूंटी जिला कमेटी के जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने अपने पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ खूंटी स्थित कचहरी मैदान के बिरसा पार्क पहुँचकर महान जननायक भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और श्रद्धासुमन अर्पित किए। 
सुबह से ही बिरसा पार्क में पार्टी कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों का जमावड़ा लगा रहा। सभी ने एक स्वर में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, त्याग और आदिवासी समाज को स्वाभिमान दिलाने वाली उनकी भूमिका को याद किया। इस दौरान विधायक रामसूर्या मुंडा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल एक स्वतंत्रता सेनानी ही नहीं, बल्कि इस धरती के आत्मसम्मान और अधिकारों की रक्षा के प्रतीक हैं। उनके दिखाए मार्ग पर चलना हम सभी का कर्तव्य है।
जिलाध्यक्ष जुबैर अहमद ने कहा कि बिरसा मुंडा का जीवन संघर्ष आज भी प्रदेश के युवाओं को प्रेरित करता है। उनके विचार झारखंड की अस्मिता से सीधे जुड़े हैं और उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुँचाना पार्टी का संकल्प है।
आज न केवल भगवान बिरसा मुंडा की जयंती थी, बल्कि झारखंड राज्य के स्थापना दिवस का भी विशेष अवसर रहा। वर्ष 2000 में बिहार से अलग होकर राज्य के गठन के बाद इस वर्ष झारखंड राज्य निर्माण के 25 वर्ष, अर्थात रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर रहा है। इस अवसर पर सभी ने राज्य की प्रगति, विकास और सामाजिक एकता के संकल्पों को दोहराया।
माल्यार्पण कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में झामुमो कार्यकर्ता, युवा समर्थक और स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।



