Dhanbad : धनबाद पुलिस ने मंगलवार को वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने उसके 11 करीबियों के घरों पर तड़के छापेमारी की और उन्हें हिरासत में लिया। इस दौरान 13-14 लाख रुपये नकद, एक हथियार और जमीन से जुड़े कई अहम दस्तावेज जब्त किए गए। छापेमारी अभियान सुबह साढ़े पांच बजे से शुरू हुआ, जिसकी निगरानी खुद एसएसपी प्रभात कुमार कर रहे थे।
पुलिस की टीमें भूली मोड़, कबाड़ी पट्टी, वासेपुर, पांडरपाला और बरवाअड्डा कुर्मीडीह सहित कई इलाकों में तैनात रहीं। सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव और ग्रामीण एसपी कपिल चौधरी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में दर्जनों पुलिसकर्मी शामिल थे। जिन लोगों को हिरासत में लिया गया है, उनमें जमीन कारोबारी और प्रिंस खान के शागिर्द शामिल हैं। पुलिस ने नकद जब्ती की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, परंतु भारी मात्रा में जमीन के कागजात मिलने की पुष्टि की गई है।
धनबाद पुलिस का मानना है कि प्रिंस खान और उसका भाई गोपी खान पिछले डेढ़ दशक से जमीन कारोबार के जरिए अपार संपत्ति जुटा चुके हैं। कोयले और लोहे के अवैध कारोबार से आगे बढ़ते हुए अब इनका नेटवर्क जमीन के सौदों तक फैल चुका है। पुलिस को सूचना मिली थी कि दुबई में रहकर प्रिंस खान धनबाद की कीमती जमीनों में निवेश कर रहा है और रंगदारी से मिली रकम से दुबई में लांड्री और कोलकाता में रेस्टोरेंट चला रहा है।
पुलिस ने पहले से ही उन कारोबारियों की सूची तैयार कर ली थी जो प्रिंस खान के गिरोह को सहयोग दे रहे थे। छापेमारी के दौरान कबाड़ी पट्टी निवासी परवेज खान के घर से एक पिस्टल बरामद की गई। उसने नागालैंड से जारी लाइसेंस दिखाया, जिसकी जांच फिलहाल जारी है। पुलिस ने उसके घर से भी नकद रकम और कुछ दस्तावेज जब्त किए हैं।
इस अभियान को पुलिस ने “सर्जिकल स्ट्राइक” नाम दिया था। सोमवार की रातभर एसएसपी प्रभात कुमार के नेतृत्व में इसकी रणनीति तैयार की गई। सुबह पौ फटते ही टीमों ने एक साथ अलग-अलग ठिकानों पर दबिश दी। यह पहली बार है जब धनबाद पुलिस ने वासेपुर में प्रिंस खान गैंग के खिलाफ इतनी व्यापक कार्रवाई की है। इससे इलाके के आपराधिक नेटवर्क पर लगाम कसने की उम्मीद जताई जा रही है।



