Ghatshila: झारखंड के घाटशिला उपचुनाव में मंगलवार को गंधनिया हाट मैदान में भाजपा प्रत्याशी के समर्थन में एक विशाल जनसभा आयोजित हुई। इस सभा में ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने जनता से भाजपा उम्मीदवार को विजयी बनाने की अपील की और विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला।
मुख्यमंत्री माझी ने कहा कि बिहार में जल्द ही एनडीए की सरकार बनने जा रही है और झारखंड व ओडिशा के उपचुनावों में भी “कमल” खिलने वाला है। उन्होंने कहा —
“भाजपा देश के हर राज्य में जनता के भरोसे पर खरी उतरी है। बिहार में एनडीए की सरकार बनेगी और झारखंड में भी जनता अब बदलाव चाहती है।”
उन्होंने कहा कि झामुमो सरकार को जनता ने बड़ी उम्मीदों से चुना था, लेकिन सिर्फ एक साल में ही मोहभंग हो गया।
“सरकार का कार्यकाल अभी पूरा भी नहीं हुआ और लोग परिवर्तन की बात करने लगे हैं। यह परिवर्तन घाटशिला के उपचुनाव में जनता दिखा देगी।”
मुख्यमंत्री माझी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 11 सालों में देश ने “नए भारत” की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाए हैं।
“मोदी जी के नेतृत्व में भारत आज न झुकता है, न रुकता है, बल्कि तेज गति से आगे बढ़ रहा है। अब भारत विश्व मंच पर सिर ऊंचा करके खड़ा है। घाटशिला की जनता भी इस विकासयात्रा का हिस्सा बने।”
उन्होंने झारखंड सरकार पर आदिवासी अधिकारों की अनदेखी का आरोप लगाया। कहा कि राज्य में 60% से अधिक आबादी गांवों में रहती है, लेकिन अब तक पेशा कानून लागू नहीं किया गया।
“आदिवासी अपने अधिकारों से वंचित हैं। भाजपा की सरकार बनी तो गांवों और आदिवासियों के विकास को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।”
सभा में पूर्व मुख्यमंत्री चम्पाई सोरेन, सांसद विद्युत महतो समेत कई भाजपा नेताओं ने भी भाषण दिया। गंधनिया हाट मैदान में भारी भीड़ उमड़ी और समर्थकों ने “भारत माता की जय” और “कमल खिलाना है” जैसे नारों से माहौल को जोशीला बना दिया।



