Ghatsila : झारखंड के घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में 11 नवंबर को होने वाले उप चुनाव से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 127वें एपिसोड में भगवान बिरसा मुंडा को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
प्रधानमंत्री ने कार्यक्रम में कहा कि उनके लिए सौभाग्य की बात है कि उन्हें बिरसा मुंडा की धरती उलिहातु जाने का अवसर मिला। उन्होंने वहां की माटी को अपने मस्तिष्क से लगाकर प्रणाम किया और आदिवासी नेता के योगदान को याद किया।
पीएम मोदी ने जोर देते हुए कहा कि बिरसा मुंडा ने आदिवासी समाज और देश की स्वतंत्रता की लड़ाई में जो योगदान दिया, उसे कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने देशवासियों से अपील की कि वे बिरसा मुंडा के जीवन और उनके आदर्शों के बारे में अवश्य पढ़ें और उन्हें अपनाएं।
प्रधानमंत्री ने यह भी बताया कि 15 नवंबर को बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती है। पीएम मोदी का यह संदेश घाटशिला उप चुनाव से ठीक पहले आया है, जो आदिवासी समुदाय में भावनात्मक प्रभाव डाल सकता है।
वहीं, विपक्ष ने पीएम मोदी के बयान पर प्रतिक्रिया दी है। उनका कहना है कि इससे घाटशिला उप चुनाव पर कोई असर नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि आदिवासी जनता अब बीजेपी के झूठे वादों और प्रलोभनों में नहीं आएगी।
विपक्ष का कहना है कि आदिवासियों के सर्वमान्य नेता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन हैं और घाटशिला की जनता दिवंगत पूर्व शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के पुत्र सोमेश सोरेन को ही अपना वोट देगी। उनका मानना है कि मतदान के बाद स्थानीय लोगों के लिए उन्हें कैबिनेट मंत्री बनाने का विकल्प चुना जाएगा।



