KHUNTI / Chaibasa : बंदगांव थाना कांड संख्या 16/23 धारा 15सी/18/25 एनडीपीएस एक्ट के तहत फरार चल रहे अभियुक्त दिलीप होरो, पिता जयराम पाहन उर्फ जयराम होरो, निवासी ग्राम रेमता, थाना एवं जिला खूंटी के विरुद्ध न्यायिक कार्रवाई तेज कर दी गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, माननीय न्यायालय, पश्चिमी सिंहभूम, चाईबासा से निर्गत इश्तेहार को आज बंदगांव थाना प्रभारी दुर्गा प्रसाद मंडल ने खूंटी थाना पुलिस के सहयोग से विधिवत रूप से अभियुक्त के घर पर तामिला किया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अभियुक्त दिलीप होरो लंबे समय से फरार चल रहा है और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज है। न्यायालय के आदेश पर इश्तेहार जारी किए जाने के बाद पुलिस ने उसे विधिवत उसके निवास स्थान पर चस्पा किया।
थाना प्रभारी ने बताया कि फरार अभियुक्त की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। साथ ही स्थानीय लोगों से भी अपील की गई है कि यदि अभियुक्त के बारे में कोई जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि अभियुक्त निर्धारित समयावधि में न्यायालय के समक्ष आत्मसमर्पण नहीं करता है, तो उसके विरुद्ध कुर्की-जब्ती की कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी।
इस कार्रवाई में खूंटी थाना पुलिस टीम और बंदगांव थाना पुलिस बल दोनों का संयुक्त सहयोग रहा। पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की अवैध तस्करी और उससे जुड़े अपराधों के विरुद्ध अभियान निरंतर जारी रहेगा।



