Chaibasa (West Singhbhum): पश्चिमी सिंहभूम में खेल क्लब और खिलाड़ियों ने सिंहभूम स्पोर्ट्स एसोसिएशन के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने एसोसिएशन पर भ्रष्टाचार, अनियमितता और तानाशाही का आरोप लगाते हुए अपनी नाराजगी जताई।
प्रदर्शन रैली टाटा कॉलेज मैदान से निकाली गई और एसोसिएशन के मैदान तक पहुंची। इस दौरान खिलाड़ियों ने महासचिव मिथिलेश कुमार ठाकुर, कोषाध्यक्ष अनिल लकड़ा, कूलचंद कुजूर और अर्जुन बानरा के पुतले जलाए।
खिलाड़ियों ने नारेबाजी कर एसोसिएशन और जिला प्रशासन दोनों के खिलाफ अपना विरोध जताया। उनका आरोप है कि पिछले 17 सालों से कुछ लोग मनमाने तरीके से एसोसिएशन पर कब्जा जमाए हुए हैं और खिलाड़ियों को नजरअंदाज किया जा रहा है।
पूर्व फुटबॉल खिलाड़ी नेल्सन पूर्ति ने बताया कि वर्ष 2012 में कमेटी को भंग कर दिया गया था, लेकिन अवैध तरीके से नया कमेटी गठित कर दुकानों और अन्य माध्यमों से पैसे की उगाही जारी है।
खिलाड़ियों ने कहा कि एसोसिएशन में न तो वार्षिक आमसभा होती है और न ही चुनाव कराए जाते हैं। इससे संगठन में पारदर्शिता और उत्तरदायित्व की कमी बनी हुई है।
भुवनेश्वर बिरुआ ने आरोप लगाया कि पहले मैदान खिलाड़ियों से भरा रहता था, लेकिन अब सिर्फ नाम मात्र के खिलाड़ी ही दिखाई देते हैं। उन्होंने कहा कि इसका कारण एसोसिएशन पर अवैध कब्जा और कमेटी में भ्रष्टाचार है।



