Ranchi : झारखंड में प्रशासनिक फेरबदल हुआ है। 1993 बैच के आईएएस अधिकारी अविनाश कुमार को राज्य का नया मुख्य सचिव नियुक्त किया गया है। वे राज्य के 28वें मुख्य सचिव बने हैं। निवर्तमान मुख्य सचिव अलका तिवारी मंगलवार को रिटायर हो गईं और अब वे राज्य निर्वाचन आयुक्त का पद संभालेंगी, जो 25 मार्च से खाली पड़ा था।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने प्रोजेक्ट भवन में आयोजित विदाई समारोह में अलका तिवारी को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि तिवारी ने अपने कार्यकाल के दौरान कई महत्वाकांक्षी योजनाओं के सफल क्रियान्वयन में अहम भूमिका निभाई और प्रशासनिक परंपराओं को मजबूत किया।

मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त मुख्य सचिव अविनाश कुमार को शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनकी कार्यकुशलता, दूरदर्शिता और अनुभव से प्रशासन को मजबूती मिलेगी। साथ ही विकास योजनाओं की गति और तेज होगी। देर शाम अविनाश कुमार ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया।
अविनाश कुमार ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव थे। इसके अलावा वे मुख्यमंत्री के अपर मुख्य सचिव, विकास आयुक्त, ऊर्जा विकास निगम के सीएमडी, बिजली वितरण निगम के एमडी और दिल्ली में राज्य के मुख्य स्थानिक आयुक्त के पद पर भी कार्यरत थे। अब वे मुख्य सचिव बनने के बाद भी सीएम के अपर मुख्य सचिव और राज्य के मुख्य स्थानिक आयुक्त का प्रभार संभालेंगे।

इस फेरबदल में स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह को नया विकास आयुक्त बनाया गया है। कार्मिक प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना में इसकी पुष्टि की गई।
मुख्य सचिव पद के लिए कई नामों पर चर्चा हुई थी। सीएस रैंक में छह अधिकारी हैं, लेकिन तीन केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर हैं। अजय कुमार सिंह और नीतिन मदन कुलकर्णी पहले ही रेस से बाहर हो गए थे। वंदना दादेल का नाम भी सामने आया, लेकिन वे तीन महीने बाद सीएस रैंक में आने वाली हैं।
अंततः यह तय हुआ कि अविनाश कुमार को मुख्य सचिव बनाया जाए और विकास आयुक्त का दायित्व अजय कुमार सिंह को सौंप दिया जाए। इस फैसले से मुख्यमंत्री की कोर टीम का एक अहम सदस्य राज्य प्रशासन की कमान संभालने के साथ-साथ सीएमओ के कामकाज में भी योगदान देता रहेगा।



