Khunti: कर्रा प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत छाता पंचायत के कंडियोर गांव में कई मूलभूत सुविधाएं अबतक नहीं पहुंच पाई है जिसमें मुख्य रूप से पहुंच पथ है। आजादी के बाद आज तक गांव तक पक्की सड़क नहीं पहुंच पाया है। ग्रामीण आज भी पगडंडी नुमा कीचड़ भरे कच्ची सड़कों पर चलने को मजबूर है।

आज गांव में सप्ताहित ग्रामसभा का आयोजन था जहां ग्रामीणों के बुलावे पर कर्रा प्रखंड क्षेत्र के सांसद प्रतिनिधि विक्रम नाग ग्राम सभा में पहुंचे थे जहां ग्रामीणों ने सांसद प्रतिनिधि को सड़क के समस्याओं के साथ साथ गांव के अन्य सभी मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया जिसमें पेयजल, सिंचाई का व्यवस्था, स्वास्थ्य चिकित्सा सहित अन्य सभी समस्याओं से अवगत कराया।

ग्रामीणों ने मुख्य रूप से सड़क समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि उनलोगों ने सड़क बनाने के लिये जमीन के बदले जमीन दी है और ग्रामसभा में चंदा इकठ्ठा करके कुछ रूपये भी दिये है जिसके बाद सड़क बनाने के लिये दूसरे गांव वालों ने जमीन दी है और उसी जमीन पर ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से श्रमदान कर कच्ची सड़क बनाया था जो आज भी वैसी स्थिति में है और हर वर्ष वर्षात के मौसम में सड़क बिल्कुल हीं गड्ढे में तब्दील हो जाता है।

वहीं ग्रामीणों की समस्या सुनने के बाद सांसद प्रतिनिधि विक्रम नाग ने ग्रामीणों को जल्द समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया कहा उनके इस समस्या को सांसद के पास रखा जाएगा ताकि जल्द उनके समस्याओं का समाधान हो सके। आज के इस ग्रामसभा में ग्रामीणों के अलावा प्रखण्ड कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



