Ranchi, Tupudana: रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र अंतर्गत मथुरा खटाल मोहल्ला शनिवार रात 40–50 युवकों के उग्र समूह की दहशतगर्दी से दहल उठा। रात लगभग 9:30 बजे आरोपित मोहल्ले में घुसकर गाली-गलौज करते हुए अंधाधुंध फायरिंग करने लगे। हमलावरों ने मोहल्ले में खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों को निशाना बनाते हुए तोड़फोड़ की, जिससे दर्जनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के दौरान स्थानीय निवासी भयभीत होकर अपने घरों में दुबक गए।
सूचना मिलते ही धुर्वा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए रांची के नवनियुक्त सिटी एसपी पारस राणा, हटिया डीएसपी प्रमोद मिश्रा, जगन्नाथपुर इंस्पेक्टर दिग्विजय सिंह और धुर्वा इंस्पेक्टर बिमल किंडो सहित भारी पुलिस बल तैनात किया गया। हालांकि, तब तक आरोपित फरार हो चुके थे। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।
स्थानीय निवासियों ने थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपियों की पहचान कराई। सागर यादव उर्फ कारगिल, शमी सिंह, भीम यादव, करन, यश, हिमांशु, अमन चौहान, मनीष सिंह और विकास यादव को घटना में शामिल बताया गया है। आवेदन में यह भी बताया गया कि इस फायरिंग में 50 से अधिक राउंड चलाए गए और गिरोह द्वारा क्षेत्र में दहशत फैलाने, रंगदारी मांगने और सुनवाई की धमकी देने की भी बात कही गई।
फायरिंग की चपेट में रोशन नामक एक युवक भी आ गया। उसे उंगली में गोली लगी, जिसे बाद में उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। रोशन की बहन सोनल ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कराई। घटना के बाद मोहल्ले की महिलाएं और अन्य स्थानीय लोग भी थाना पहुंचे और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की।
हटिया डीएसपी प्रमोद मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र में संगठित अपराध की प्रवृत्ति को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस जांच में जुटी है और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।



