Jamtara : जामताड़ा जिले के मिहिजाम में गुरुवार रात पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों में हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान धारदार हथियारों का इस्तेमाल किया गया, जिसमें तीन युवक—रंजीत कुमार, अभिषेक कुमार और मिथिलेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
यह घटना किशोरी गली और मस्जिद रोड के बीच स्थित ओम साव के खंडहर मकान में घटी। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह मकान लंबे समय से असामाजिक गतिविधियों का अड्डा बना हुआ था, जहां शराबखोरी, जुआ और नशीले पदार्थों का सेवन होता रहा है। यही वजह है कि इलाके की कानून-व्यवस्था पर लगातार असर पड़ रहा था। झगड़े में रंजीत कुमार के सिर पर गहरी चोट लगी, उनके छोटे भाई अभिषेक के कंधे पर गंभीर जख्म हुआ और मिथिलेश कुमार का हाथ बुरी तरह जख्मी हो गया।
घायल रंजीत कुमार ने मिहिजाम थाने में दर्ज शिकायत में बताया कि हमलावरों ने उन पर जानलेवा हमला करने के साथ ही उनके गले से चांदी की चेन भी छीन ली। शिकायत में बड़कू, जुनैद, उदय, अलबक्श, अल्तमश शेख और राजा शेख को नामजद किया गया है। पुलिस ने नामजद आरोपियों में से पांच को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। थाना प्रभारी विवेकानंद दूबे ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि खंडहर मकान को पूरी तरह सील कर दिया जाए, ताकि यहां चल रही आपराधिक और असामाजिक गतिविधियों पर स्थायी रोक लग सके। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल है, लेकिन पुलिस की सतर्कता से स्थिति नियंत्रण में है।



