Khunti: झारखंड के ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज विभाग की मंत्री दीपिका पांडे सिंह आज तपकारा पहुँचीं। इस अवसर पर स्थानीय विधायक सुदीप गुड़िया के आवास पर उनका पारंपरिक तरीके से स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। विधायक के परिवार के सदस्यों ने झारखंड की परंपरा के अनुरूप मंत्री को अंगवस्त्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। 
मंत्री दीपिका पांडे सिंह और विधायक सुदीप गुड़िया के बीच क्षेत्र के समग्र विकास को लेकर महत्वपूर्ण चर्चा हुई। विधायक ने इस दौरान मंत्री को ज्ञापन सौंपकर क्षेत्र की समस्याओं से अवगत कराया और कई विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग की। 
ज्ञापन में विधायक ने खासतौर से मनरेगा योजना के तहत पूर्व में संचालित पीसीसी (सीमेंटेड सड़क) निर्माण कार्यों एवं पुलिया निर्माण कार्यों को पुनः लागू करने की मांग की। उनका कहना था कि इन योजनाओं के माध्यम से न केवल ग्रामीण क्षेत्रों के बुनियादी ढांचे में सुधार होता है, बल्कि रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं।
विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि तपकारा व आसपास के ग्रामीण इलाकों में सड़क, पुलिया एवं अन्य आधारभूत संरचनाओं के निर्माण की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। इस मौके पर उन्होंने ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित अन्य योजनाओं और लंबित परियोजनाओं को भी जल्द पूरा करने की मांग की। 
मंत्री दीपिका पांडे सिंह ने ज्ञापन प्राप्त करते हुए विधायक की मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए सरकार लगातार काम कर रही है और विधायक द्वारा उठाए गए मुद्दों पर विभागीय स्तर पर गंभीरतापूर्वक विचार किया जाएगा।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारी भी मौजूद थे।



