Khunti : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को खूंटी जिले का दौरा करेंगे। उनके इस दौरे को लेकर जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों की तैयारियां जोरों पर हैं। रविवार को जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया और सभी आवश्यक इंतज़ामों की समीक्षा की। 
मुख्यमंत्री खूंटी कचहरी परिसर में बनने वाले बार भवन के शिलान्यास समारोह में शामिल होंगे। यह भवन 3.50 करोड़ रुपये की लागत से बनाया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन मंगलवार को किया जाएगा। शिलान्यास समारोह में झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश समेत कई अन्य न्यायिक पदाधिकारी और विशिष्ट अतिथि उपस्थित रहेंगे।
इस अवसर पर खूंटी से ही चांडिल और चाईबासा बार भवन का ऑनलाइन शिलान्यास भी किया जाएगा। अधिकारियों ने कचहरी परिसर और सभा स्थल में चल रही तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी डीआईजी और रांची एसएसपी ने स्थानीय प्रशासन से जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
खूंटी उपायुक्त ने कचहरी मैदान में घंटों रहकर अधिकारियों के साथ तैयारियों पर मंथन किया। प्रशासन की ओर से सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और कार्यक्रम स्थल की अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए गए हैं। जिला प्रशासन के अनुसार, मुख्यमंत्री की इस यात्रा को लेकर सुरक्षा और आम जनता की सुविधा को प्राथमिकता दी जा रही है।



