Khunti : खूंटी जिला के 18वें स्थापना दिवस पर शुक्रवार को जहां सरकारी स्तर पर कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं हुआ, वहीं शहर के सामाजिक संगठन खूंटी क्लब ने इस खास दिन को यादगार बनाने की पहल की। जिला स्थापना दिवस के मौके पर क्लब परिसर में सदस्यों ने केक काटकर जश्न मनाया और जिलेवासियों को शुभकामनाएं दीं।
आम तौर पर जिला स्थापना दिवस पर भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने की परंपरा रही है, लेकिन इस बार प्रशासन की ओर से यह परंपरा निभाई नहीं गई। इसके बावजूद खूंटी क्लब ने जिला स्थापना दिवस को विशेष बनाने का जिम्मा अपने हाथ में लिया।
कार्यक्रम में क्लब के सचिव गणपत कुमार भगत ने कहा कि खूंटी जिला अपनी समृद्ध संस्कृति, सभ्यता और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए जाना जाता है। उन्होंने कहा, “खूंटी को जिला बने 18 साल हो चुके हैं। इन वर्षों में जिला ने पीछे नहीं बल्कि आगे बढ़ना सीखा है। हालांकि, अपेक्षित विकास की गति अब भी नहीं मिल पाई है।”
इस मौके पर राजकुमार गुप्ता राज, कृष्णचंद्र मिश्रा, महेश चौधरी, ज्योतिष भगत, राजकुमार गुप्ता राजू और कोषाध्यक्ष संतोष गुप्ता ने भी अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि खूंटी भगवान बिरसा मुंडा की धरती है और संघर्ष इसकी पहचान रही है। वक्ताओं ने यह भी माना कि जिले में कई विकास कार्य हुए हैं, लेकिन अब तक शहरवासियों को ट्रैफिक जाम की समस्या से मुक्ति नहीं मिल पाई है। उन्होंने आशा जताई कि आने वाले दिनों में खूंटी जिला प्रगतिशील विचारों के साथ समग्र विकास के पथ पर आगे बढ़ेगा।
इस अवसर पर पूर्व सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार, संजय मिश्रा और लव चौधरी ने भी जिलेवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इन 18 वर्षों में खूंटी ने तमाम चुनौतियों और झंझावतों के बावजूद विकास की राह पकड़ी है और लगातार आगे बढ़ रहा है।
कार्यक्रम में नरेश गौंझू, जयप्रकाश भाला, श्यामकिशोर भगत सहित कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर खूंटी जिला के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



