Khunti: जिले में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने स्थानीय लोगों और खासकर दुकानदारों की नींद उड़ा दी है। शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक चोरों के हौसले बुलंद दिखाई दे रहे हैं। पुलिस गश्त और जगह-जगह लगे सीसीटीवी कैमरों के बावजूद चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। 
जानकारी के मुताबिक, कभी गाड़ियों से बैटरी चोरी हो रही है, तो कभी मोबाइल टावर की बैटरी गायब हो जाती है। कीमती लकड़ी के पेड़ काटकर चोरी करने की घटना भी सामने आ चुकी हैं। वहीं, दुकानों का ताला और शटर काटकर सामान पार करना आम बात बन गई है। चोर लगभग हर कुछ दिनों के अंतराल पर घटना को अंजाम देकर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहे हैं।

बाजारटांड़ में गुमटी दुकान बनी निशाना
ताजा मामला खूंटी शहरी क्षेत्र के भीड़भाड़ वाले इलाके बाजारटांड़ का है। यहां एक गुमटी दुकान को चोरों ने निशाना बनाया। पीड़ित दुकानदार विनोद महतो ने बताया कि देर रात अज्ञात चोरों ने उनके दुकान का ताला तोड़कर करीब 10 हजार रुपये नकद, एक डिजिटल कैमरा और अन्य सामान चुरा लिया। घटना की जानकारी मिलते ही उन्होंने खूंटी थाना में लिखित आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है।
पुलिस गश्त और कैमरों के बावजूद चोरी
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि जिस मुख्य सड़क पर यह दुकान स्थित है, वहां से पुलिस पेट्रोलिंग टीम नियमित रूप से गुजरती है। साथ ही, सड़क किनारे कई स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इसके बावजूद चोरी की घटना को अंजाम दिया जाना पुलिस की कार्यशैली और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।

दुकानदारों में गुस्सा, पुलिस पर सवाल
लगातार हो रही चोरियों से स्थानीय लोगों और दुकानदारों में आक्रोश है। उनका कहना है कि हर घटना के बाद पीड़ित दुकानदार थाने में आवेदन देता है, लेकिन उसका कोई ठोस नतीजा सामने नहीं आता। चोरों में पुलिस और कानून का कोई भय नजर नहीं आता, यही वजह है कि वे बेखौफ होकर घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं।
अब देखना होगा कि खूंटी पुलिस इस ताजा मामले में क्या कदम उठाती है और चोरों पर लगाम लगाने के लिए किस प्रकार की कार्रवाई करती है।



