Koderma: मंगलवार को कोडरमा जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र में स्थित हॉट मिक्स प्लांट में भीषण आग लग गई। आग इतनी विकराल थी कि प्लांट में रखे एक ट्रक सहित लाखों रुपए का मटेरियल जलकर राख हो गया।
यह प्लांट मुर्क़मनाई पंचायत के बरियारडीह स्थित बिरहोर टोला में स्थित है और पिछले पांच वर्षों से कोडरमा और आसपास के क्षेत्रों में सड़क निर्माण के लिए मटेरियल तैयार करता रहा है। यहाँ तारकोल और अन्य सामग्री को मिलाकर सड़क निर्माण के लिए आवश्यक मिश्रण तैयार किया जाता है।
घटना उस समय हुई जब टैंकर से अलकतरा को एलडीओ नामक तेल में मिक्स करने के लिए आग लगाई गई थी। ट्रक का उपचालक आग लगाने के बाद प्लांट से चला गया।
कुछ ही समय बाद आग एलडीओ और अलकतरा के संपर्क में आ गई, जिससे आग ने विकराल रूप ले लिया। इसके परिणामस्वरूप पूरे प्लांट में रखा मटेरियल जलकर राख हो गया।
आग लगते ही प्लांट के कर्मचारी सुरक्षित स्थान पर चले गए। इस दौरान मरकच्चो के अंचलाधिकारी और थाना प्रभारी तुरंत मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
अग्निशमन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग इतनी तेज थी कि इसे नियंत्रित करने में कई घंटे लगे।
स्थानीय लोगों और प्रशासन के अनुसार, इस अग्निकांड में प्लांट को 50 लाख रुपए से अधिक का नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारण कोई मानव हानि की सूचना नहीं है, लेकिन संपत्ति का बड़ा नुकसान हुआ है।



