Giridih: 50 रुपए के बकाए को लेकर हुए विवाद में अनाउल अंसारी (30) की हत्या का मामला सामने आया है। घटना बेंगाबाद थाना क्षेत्र में रविवार की देर रात हुई। पुलिस ने आरोपी मकसूद अंसारी को सोमवार को अशगन्दों जंगल से गिरफ्तार कर लिया।
एसडीपीओ जीतवाहन उरांव ने बताया कि अनाउल ने मकसूद से पहले 200 रुपए उधार लिए थे, जिनमें से 150 रुपए वापस कर दिए गए थे। बाकी 50 रुपए को लेकर दोनों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हत्या तक पहुँच गया।
अनाउल अपनी पत्नी लाडली बानो के साथ पुराने घर में खाना खाने के बाद नए घर लौट रहा था। इसी दौरान गांव की मस्जिद के पास मकसूद ने घात लगाकर उन पर चाकू से हमला कर दिया। घायल अनाउल को तुरंत सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. बिमल कुमार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया। आरोपी मकसूद की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि अनाउल मुंबई में काम करता था और लगभग चार महीने पहले ही गांव लौटा था। घटना ने इलाके में सनसनी फैल गई है और पुलिस अब बाकी सुरागों की जांच कर रही है।



