Ranchi. मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से आज भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान और अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त खिलाड़ी बाइचुंग भूटिया ने शिष्टाचार मुलाकात की। यह बैठक मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में हुई, जहां झारखंड में खेलों के विकास, खासकर फुटबॉल को बढ़ावा देने पर विस्तार से चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार खेलों को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। झारखंड की नई खेल नीति के तहत खिलाड़ियों को स्कॉलरशिप, रोजगार, बेहतर कोचिंग और आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि फुटबॉल जैसे लोकप्रिय खेल के लिए विशेष योजनाएं बनाई गई हैं ताकि गांव-गांव की प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ाया जा सके।
इस अवसर पर बाइचुंग भूटिया ने झारखंड में खेल प्रतिभाओं को निखारने और फुटबॉल को बढ़ावा देने के लिए अपने सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि झारखंड की धरती में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और यहाँ से लगातार राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार हो रहे हैं। 
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने भूटिया का स्वागत करते हुए कहा कि सरकार खेलों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि फुटबॉल झारखंड की युवा पीढ़ी के बीच बेहद लोकप्रिय है, इसलिए इसके आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण देने की दिशा में गंभीर पहल की जा रही है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि बाइचुंग भूटिया जैसे दिग्गज खिलाड़ियों का अनुभव और मार्गदर्शन झारखंड की नई पीढ़ी के खिलाड़ियों को प्रेरणा देगा। मुख्यमंत्री ने कहा, “झारखंड में खेल की अपार संभावनाएं हैं और सरकार हर स्तर पर खिलाड़ियों को अवसर व सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए संकल्पित है।”



