गुमला: आयुष्मान भारत योजना में कथित वित्तीय अनियमितताओं को लेकर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार सुबह गुमला में बड़ी कार्रवाई की। ईडी की 9 सदस्यीय टीम ने सुबह 8 बजे गुमला शहर के डीएसपी रोड स्थित स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी दयाशंकर चौधरी के आवास पर छापेमारी शुरू की, जो शाम करीब 4:45 बजे तक चली।
दयाशंकर चौधरी वर्तमान में गिरिडीह जिले में आयुष्मान योजना के कोऑर्डिनेटर के पद पर कार्यरत हैं। ईडी टीम ने छापेमारी के दौरान घर के अंदर दस्तावेजों की बारीकी से जांच की और कई अहम कागजात जब्त किए जाने की सूचना है। हालांकि, अधिकारियों ने अभी तक औपचारिक रूप से जब्त सामग्री की जानकारी साझा नहीं की है।
सूत्रों के अनुसार, छापेमारी में ऐसे कई दस्तावेज सामने आए हैं जो आयुष्मान योजना के तहत फर्जीवाड़े और वित्तीय घोटालों की पुष्टि कर सकते हैं। बताया जा रहा है कि योजना के तहत मरीजों को बिना भर्ती किए ही फर्जी बिल बनाकर सरकारी राशि की निकासी की गई थी।
गुमला में हुई इस कार्रवाई के बाद संबंधित विभागों और अधिकारियों में हड़कंप मच गया है। ईडी की यह कार्रवाई राज्य भर में आयुष्मान योजना के क्रियान्वयन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
गुमला से रौशन केशरी की रिपोर्ट।



