Chatra : चतरा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 709 ग्राम प्रतिबंधित अफीम के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक अनिमेष नैथानी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
सिमरिया एसडीपीओ नागरगोजे शुभम भाऊ साहेब के नेतृत्व में गठित गिद्धौर थाना पुलिस की टीम ने चतरा-इटखोरी मुख्य मार्ग पर गिद्धौर थाना क्षेत्र के बेल गाछ के पास छापेमारी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी अफीम की खेप लेकर चौपारण की ओर जा रहे थे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी चतरा सदर थाना क्षेत्र के उंटा गांव के निवासी हैं। उनकी पहचान दयानंद कुमार और रामप्रवेश कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि हाईवे के रास्ते अफीम की खेप को दूसरे राज्य में तस्करी के लिए भेजने की योजना थी।
इस कार्रवाई में गिद्धौर के प्रखंड विकास पदाधिकारी राहुल देव, थाना प्रभारी पुरुषोत्तम अग्निहोत्री और सशस्त्र बल के जवान भी शामिल रहे। पुलिस ने मौके से बरामद सभी सामान को जब्त कर लिया है और मामले की आगे की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गिद्धौर थाना में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और अफीम की खेप कहां भेजी जानी थी।
एसडीपीओ ने कहा कि लगातार कार्रवाई के बावजूद जिले में सक्रिय तस्कर नए-नए तरीकों से मादक पदार्थों की तस्करी करने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसे में पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए अभियान लगातार जारी है और मुख्य तस्करों से लेकर सप्लायर एवं कुरियर तक सभी की पहचान कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने आम लोगों से भी अपील की है कि यदि उन्हें मादक पदार्थों की तस्करी या किसी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचना दें। अधिकारियों का कहना है कि जनसहयोग से ही इस अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।

