Ranchi: झारखंड कांग्रेस ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया को लेकर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। सोमवार से चार दिवसीय झारखंड दौरे पर पहुंचे अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) के स्थायी आमंत्रित सदस्य एवं प्रदेश प्रभारी के. राजू ने रांची के मोरहाबादी स्थित राजकीय अतिथिशाला में संगठनात्मक मजबूती और SIR प्रक्रिया को लेकर महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और SIR अभियान को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाने पर चर्चा हुई।
बैठक के दौरान प्रदेश कांग्रेस के नेताओं ने सर्वसम्मति से मांग की कि गणना प्रपत्र (Enumeration Form) भरने के लिए निर्धारित समय सीमा में 15 दिनों की बढ़ोतरी की जाए, ताकि अधिक से अधिक पात्र मतदाता इस प्रक्रिया में शामिल हो सकें। नेताओं का कहना था कि अतिरिक्त समय मिलने से मतदाता सूची के सत्यापन और सुधार का कार्य बेहतर तरीके से पूरा किया जा सकेगा।
प्रदेश प्रभारी के. राजू ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया और सोशल मीडिया विभाग के नव-नियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों के साथ भी बैठक की। इस दौरान SIR प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी आम जनता तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने, अभियान को मजबूत बनाने और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को जागरूक करने की रणनीति पर चर्चा की गई।
इसके बाद के. राजू ने कांग्रेस विधायकों के साथ विधानसभा क्षेत्रवार SIR की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की। बैठक में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में चल रहे कार्यों की प्रगति पर चर्चा हुई। वहीं सोमवार शाम को खूंटी और लोहरदगा लोकसभा क्षेत्रों के सांसदों, पार्टी पदाधिकारियों और प्रभारियों के साथ भी SIR को लेकर अलग बैठक आयोजित की जानी है।
प्रदेश प्रभारी के कार्यक्रम के अनुसार 21 जुलाई को कांग्रेस कोटे के मंत्रियों के साथ बैठक होगी, जिसमें SIR प्रक्रिया और संगठनात्मक गतिविधियों पर चर्चा की जाएगी। इसके अलावा कैंपेन कमेटी, SIR कमेटी के सदस्यों और जेपीसीसी सचिवों के साथ अलग-अलग बैठकों में आगामी रणनीति तय की जाएगी तथा अभियान की प्रगति की समीक्षा की जाएगी।
22 जुलाई को के. राजू रांची महानगर के विभिन्न बूथों का दौरा करेंगे। इस दौरान वे मतदाता सूची में अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत और डुप्लीकेट मतदाताओं के नामों को हटाने और आवश्यक सुधार कार्यों की समीक्षा करेंगे। इसके बाद खूंटी लोकसभा क्षेत्र के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर संगठनात्मक गतिविधियों का जायजा लेंगे।
दौरे के अंतिम चरण में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष, विधायक दल के नेता, संगठन महासचिव, सचिवों और अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ व्यापक संगठनात्मक समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। पार्टी का उद्देश्य SIR प्रक्रिया को प्रभावी बनाना, संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति को अंतिम रूप देना है।


