Breaking News

दुमका कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा बढ़ी; एसपी ने डॉग स्क्वॉड के साथ किया निरीक्षण

Dumka : दुमका जिला एवं सत्र न्यायालय को उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में आ गए हैं। जिला एवं सत्र न्यायाधीश के नाम स्पीड पोस्ट से भेजे गए एक धमकी भरे पत्र के बाद कोर्ट परिसर की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

धमकी भरे पत्र में दुमका के साथ-साथ गोड्डा कोर्ट को भी निशाना बनाने की बात कही गई है। पत्र बांग्ला भाषा में लिखा गया है और इसके साथ चंचल राय नामक व्यक्ति का आधार कार्ड भी संलग्न किया गया है। आधार कार्ड में उसका पता पश्चिम बंगाल के पूर्वी बर्दवान जिले का बताया गया है।

दुमका के पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने बताया कि जिला एवं सत्र न्यायाधीश की ओर से पत्र की प्रति मिलने के तुरंत बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। आधार कार्ड में दर्ज पते के आधार पर संबंधित थाना पुलिस से संपर्क किया गया और चंचल राय का पता लगाया गया।

पुलिस के अनुसार, चंचल राय फिलहाल निगरानी में है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने धमकी भरा पत्र भेजने से इनकार करते हुए दावा किया है कि किसी ने उसके दस्तावेजों का दुरुपयोग कर उसे फंसाने की साजिश रची है। मामले की गहराई से जांच के लिए दुमका पुलिस की एक टीम भी उससे पूछताछ करने रवाना हो गई है।

धमकी मिलने के बाद एसपी पीतांबर सिंह खेरवार स्वयं डॉग स्क्वॉड और पुलिस अधिकारियों के साथ दुमका व्यवहार न्यायालय पहुंचे। उन्होंने कोर्ट परिसर का विस्तृत निरीक्षण किया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

पुलिस का कहना है कि न्यायालय परिसर में पहले से सुरक्षा व्यवस्था मौजूद थी, लेकिन धमकी मिलने के बाद इसे और मजबूत किया गया है। आने-जाने वाले लोगों की जांच बढ़ा दी गई है और पूरे परिसर में निगरानी रखी जा रही है।

फिलहाल पुलिस धमकी भरे पत्र की सत्यता, उसके पीछे की साजिश और वास्तविक आरोपी की पहचान करने में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने तक दुमका और गोड्डा दोनों न्यायालयों की सुरक्षा पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post