Jammshedpur : जमशेदपुर के बिष्टुपुर स्थित एक बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के लिए बड़ा कदम उठाया है। जिला पुलिस ने आरोपी की तस्वीर जारी करते हुए उसकी सूचना देने वाले को 2 लाख रुपये का इनाम देने की घोषणा की है। वहीं, इस हत्याकांड को लेकर राज्य में राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले का मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा है। जमशेदपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कार्यालय की ओर से जारी अधिसूचना में आरोपी की तस्वीर सार्वजनिक की गई है और लोगों से उसकी गिरफ्तारी में सहयोग करने की अपील की गई है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
घटना के बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उनका आरोप है कि वारदात पुलिस की मौजूदगी में हुई, लेकिन समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी। लोगों ने सभी आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस बीच भाजपा ने भी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सरकार को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है।
जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने भी कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मुख्यमंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि गृह विभाग मुख्यमंत्री के पास है, इसलिए राज्य की कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी भी उन्हीं की है। सरयू राय का कहना है कि यदि पुलिस की कार्यप्रणाली की नियमित समीक्षा होती, तो ऐसी घटना को रोका जा सकता था। उन्होंने यह भी कहा कि जमशेदपुर में पुलिस की लापरवाही लंबे समय से देखने को मिल रही है।
वहीं, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने इस मामले में भाजपा पर पलटवार किया है। पार्टी के विधायक समीर कुमार मोहंती और जिलाध्यक्ष विक्टर सोरेन ने कहा कि सरकार ने घटना के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित बार को सील किया, लापरवाह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया और वरिष्ठ अधिकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की। उनका आरोप है कि भाजपा इस मामले पर राजनीतिक लाभ लेने का प्रयास कर रही है।
झामुमो ने यह भी दावा किया कि जिस बार में यह घटना हुई, उसके मालिक नीरज सिंह भाजपा के व्यवसायिक प्रकोष्ठ से जुड़े पदाधिकारी हैं। पार्टी ने सवाल उठाया कि यदि बार मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज है, तो भाजपा उसकी गिरफ्तारी की मांग खुलकर क्यों नहीं कर रही। झामुमो का आरोप है कि भाजपा अपने राजनीतिक रूप से जुड़े लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी समेत सभी आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है। सरकार का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। दूसरी ओर, यह हत्याकांड अब कानून-व्यवस्था के साथ-साथ राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का भी बड़ा मुद्दा बन गया है।


