Deoghar : झारखंड के देवघर जिले के सोनाराठाड़ी प्रखंड स्थित नावाडीह पंचायत में मंगलवार तड़के एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई। अज्ञात अपराधियों ने घर में सो रही एक महिला और उसके 14 वर्षीय बेटे की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत और सनसनी फैल गई है।
मृतकों की पहचान रुबिदा खातून और उनके 14 वर्षीय पुत्र मुशर्रफ उर्फ छोटू के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू की।
घटना की गंभीरता को देखते हुए देवघर के पुलिस अधीक्षक प्रवीण पुष्कर भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की और पुलिस अधिकारियों को सभी संभावित पहलुओं पर जांच करने का निर्देश दिया। प्रारंभिक जांच में मामला सुनियोजित हत्या का प्रतीत हो रहा है।

पुलिस जांच के दौरान यह भी सामने आया कि कुछ वर्ष पहले मृतका के पति रियाज अंसारी की भी हत्या हुई थी। उस मामले में पांच आरोपियों को अदालत द्वारा उम्रकैद की सजा सुनाई जा चुकी है। ऐसे में पुलिस पुराने हत्याकांड और मौजूदा वारदात के बीच किसी संभावित संबंध की भी पड़ताल कर रही है।
एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों घटनाएं आपस में जुड़ी हैं या नहीं। पुलिस हर पहलू की गहन जांच कर रही है और यदि कोई कड़ी सामने आती है तो उसी आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दोहरे हत्याकांड के बाद मृतकों के परिजनों में भारी आक्रोश है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस जघन्य अपराध में शामिल सभी आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी कर उन्हें कड़ी सजा दिलाई जाए।
फिलहाल पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि वैज्ञानिक साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर अपराधियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा किए जाने की उम्मीद है।



