Breaking News

विश्व ओलंपिक दिवस पर रांची में मैराथन का आयोजन, खिलाड़ियों ने दिखाया जोश और जज्बा

Ranchi : रांची में विश्व ओलंपिक दिवस 2026 के अवसर पर झारखंड सरकार के खेलकूद एवं युवा कार्य निदेशालय और रांची जिला खेल कार्यालय के संयुक्त तत्वावधान में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विशेष मैराथन दौड़ का आयोजन किया गया, जिसमें विभिन्न खेल संस्थानों और प्रशिक्षण केंद्रों के सैकड़ों खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

कार्यक्रम में 1984 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में भारतीय हॉकी टीम का प्रतिनिधित्व कर चुके पूर्व ओलंपियन मनोहर टोपनो मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ खेल उपनिदेशक निर्भय कुमार, जिला खेल पदाधिकारी शिवेंद्र कुमार सिंह, डीआरडीए के परियोजना निदेशक ऋतुराज और जेएसएसपीएस की पुष्पा हांसदा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

मैराथन प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। महिला वर्ग में ममता कुमारी ने पहला, रितु कुमारी ने दूसरा और जेएसएसपीएस की संजना कुमारी ने तीसरा स्थान हासिल किया। वहीं पुरुष वर्ग में भारतीय सेना के गुरु लाल सिंह विजेता बने, जबकि शारद अहीक दूसरे और जानकी कुमार तीसरे स्थान पर रहे।

समारोह के दौरान ओमान में आयोजित अंडर-18 एशिया कप हॉकी प्रतियोगिता में भारत के लिए कांस्य पदक जीतने वाली झारखंड की चार खिलाड़ियों—नीलम टोपनो, खोली कुमारी, सुगम सांगा और श्रुति कुमारी—को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उनकी कोच करुणा पूर्ति को भी उनके योगदान के लिए सम्मान प्रदान किया गया।

अपने संबोधन में पूर्व ओलंपियन मनोहर टोपनो ने कहा कि झारखंड प्रतिभाशाली हॉकी खिलाड़ियों की भूमि है और राज्य की बेटियां लगातार राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना रही हैं। उन्होंने युवा खिलाड़ियों से अनुशासन, कड़ी मेहनत और समर्पण के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया।

आयोजन में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस, खेलो इंडिया केंद्रों, आवासीय और डे-बोर्डिंग प्रशिक्षण केंद्रों तथा जेएसएसपीएस के खिलाड़ियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में ओलंपिक मूल्यों, खेल भावना और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में खेल विभाग के अधिकारियों, प्रशिक्षकों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और खिलाड़ी भी उपस्थित रहे। इस आयोजन ने युवाओं में खेलों के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया और ओलंपिक मूल्यों को समाज के व्यापक स्तर तक पहुंचाने का संदेश दिया।

Share Article:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

विज्ञापन

SWARAJ

त्योहार के मौकेपर धमाकेदार ऑफर

संपर्क करें:- खूंटी- 8210983506 तोरपा - 6203436010

Recent Posts

Tags

Edit Template

About

Print & Digital PR News Release Ranchi,

Recent Post