Dhanbad : धनबाद के झरिया स्थित बागडीगी बस्ती में लंबे समय से बने पेयजल संकट के खिलाफ स्थानीय लोगों का आक्रोश बुधवार को सड़कों पर दिखाई दिया। पानी की नियमित आपूर्ति नहीं होने से नाराज हजारों लोगों ने बीसीसीएल एरिया-10 के महाप्रबंधक (जीएम) कार्यालय के मुख्य द्वार पर प्रदर्शन करते हुए गेट जाम कर दिया।
प्रदर्शन में शामिल लोग खाली गैलन और बाल्टियां लेकर पहुंचे और बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उनका कहना था कि पिछले छह महीनों से बस्ती में नियमित पेयजल आपूर्ति बंद है, जिससे दैनिक जीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार, परियोजना विस्तार के बाद से इलाके में पानी और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं की समस्या लगातार बनी हुई है। छह महीने पहले पेयजल कनेक्शन काट दिए जाने के बाद हजारों परिवारों को पानी के लिए भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
लोगों का आरोप है कि काफी प्रयासों के बाद जामाडा (JAMADA) की ओर से नए जल कनेक्शन देने की प्रक्रिया शुरू की गई थी और पाइपलाइन बिछाने का काम भी आरंभ हो गया था। लेकिन बीसीसीएल प्रबंधन ने बीच में हस्तक्षेप कर कार्य रुकवा दिया, जिससे लोगों में नाराजगी और बढ़ गई।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि जब तक बस्ती में नियमित जलापूर्ति बहाल नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। उनका कहना है कि यदि समस्या का समाधान नहीं किया गया तो वे बीसीसीएल अधिकारियों के आवासों तक पानी की आपूर्ति रोकने जैसे कदम उठाने पर भी विचार करेंगे।
भीषण गर्मी के बीच पेयजल संकट ने बस्तीवासियों की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए दूर-दूर से पानी लाना पड़ रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।
अब लोगों की निगाहें बीसीसीएल प्रबंधन और प्रशासन पर टिकी हैं। स्थानीय नागरिकों की मांग है कि जल्द से जल्द स्थायी समाधान निकालकर बस्ती में नियमित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि हजारों परिवारों को राहत मिल सके।


